स्थानीय लोगों को नौकरी नहीं देने से नाराज कुछ ग्रामीणों ने फैक्टरी के बाहर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही विधायक ममता राकेश और उनके बेटे मौके पर पहुंचे, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने गेट नहीं खोला। इससे नाराज ग्रामीणों ने गेट पर चढ़कर अंदर घुसने की कोशिश की। साथ ही विधायक ने भी कड़ी नाराजगी जताई। बाद में फैक्टरी प्रबंधन ने गेट खुलवाया, जिसके बाद वार्ता हुई।
बुधवार को सिंकदरपुर के पास स्थित फैक्टरी के बाहर कई ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने स्थानीय लोगों को फैक्टरी में नौकरी नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर तक ग्रामीण हंगामा करते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्टरी में बाहर के लोगों को रखा जाता है। सूचना मिलते ही विधायक ममता राकेश और उनके बेटे अभिषेक राकेश मौके पर पहुंचे। विधायक ने गेट खोलने की बात कही तो सुरक्षा गार्डों ने इनकार कर दिया। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई। वहीं, गुस्साए ग्रामीणों ने गेट पर चढ़कर अंदर घुसने की कोशिश की। सूचना पर फैक्टरी अधिकारी मौके पर पहुंचे और गेट खुलवाया। इसके बाद दोनों पक्षों की वार्ता हुई। विधायक ने स्थानीय लोगों को नौकरी में सबसे पहले तवज्जो देने की बात कही। इस पर फैक्टरी प्रबंधन ने स्थानीय लोगों की लिस्ट मांगी। साथ ही एजुकेशन के आधार पर नौकरी देने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ। इस दौरान गुलबाहर, नदीम, जाहिद, प्रवेज, शहीद, अरविंद, जुबैर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।