लक्सर। शराब की दुकान का ताला तोड़कर हजारों की नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।
मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी के नूननगर गांव निवासी विश्वास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन है। बृहस्पतिवार की देर शाम कुछ लोगों ने शराब के ठेके का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। पुलिस ने घटना में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि चेकिंग के दौरान खड़ंजा कुतुबपुर गांव के पास एक बाइक पर तीन युवकों को रोककर पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की घटना स्वीकारी। उन्होंने बताया कि चोरी में काला, सुरेंद्र व जौली निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे ठेके पर शराब लेने गए थे, लेकिन वहां सेल्समैन ने ठेका बंद होने की बात कहते हुए शराब देने से इनकार कर दिया। इसके बाद मारपीट होने पर सेल्समैन मौके से भाग गया और उन्होंने दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली थी। तीनों के पास से पुलिस ने 38 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस टीम में दरोगा यशवीर सिंह नेगी, विनोद भट्ट, पुलिसकर्मी विवेक गुसाईं, विजय, शूरवीर सिंह, रघुवीर सिंह, ताजवर सिंह व मनमोहन सिंह शामिल रहे।