{"_id":"2815079d56310be1e1ba8601699865c7","slug":"rishabh-cheers-on-the-success-of-the-villagers-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऋषभ की कामयाबी पर गदगद हुए क्षेत्रवासी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऋषभ की कामयाबी पर गदगद हुए क्षेत्रवासी
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
Updated Sun, 07 Feb 2016 12:05 AM IST
विज्ञापन
रुड़की। बांग्लादेश में चल रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में ढंढेरा निवासी ऋषभ पंत की शानदार पारी ने परिजनों और क्षेत्रवासियों का सिर एक बार फिर गर्व से ऊंचा कर दिया। पहले ऋषभ के चौकों छक्कों पर क्षेत्रवासी उछलते रहे और शतक के साथ परिजनों ने मिठाइयां बांटी। इसके बाद आईपीएल में दिल्ली डेयर डेविल्स की ओर से एक करोड़ 90 लाख की बोली लगने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
विज्ञापन
रुड़की से लगे ढंढेरा निवासी क्रिकेटर ऋषभ पंत ने एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन से क्षेत्रवासियों का दिल जीत लिया। पहले आल इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम में सेलेक्शन और फिर शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम के कप्तान बने। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। लगातार मैचों में बेहतर प्रदर्शन कर उन्होंने न सिर्फ परिजनों और क्षेत्रवासियों का बल्कि देशवासियों का भी दिल जीत लिया। ऋषभ के हर चौके-छक्के पर लोग उछलते नजर आए और शतक लगते ही परिजनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। बांग्लादेश में नामीबिया के खिलाफ चल रहे इस मैच में ऋषभ पंत ने 82 गेंदों पर शानदार 111 रन की पारी खेली। इससे पहले के मैच में भी ऋषभ ने 24 गेंदों पर 78 रन की आतिशी पारी खेली थी। मैचों में लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ ही शनिवार को आईपीएल के लिए लग रही बोली में दिल्ली डेयर डेविल्स ने ऋषभ पंत के लिए एक करोड़ 90 लाख की बोली लगाई। टीवी पर यह खबर सुनते ही परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों संग क्षेत्रवासियों भी ऋषभ की कामयाबी से गदगद नजर आए।
विज्ञापन
अभी पूरा नहीं हुआ लक्ष्य : मां
ऋषभ की मां सरोज पंत का कहना है कि बेटे ने देश का मान बढ़ाया है। मां-बाप के लिए इससे बड़ी खुशी क्या हो सकती है, लेकिन अभी उसका लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है। यह पूछे जाने पर कि ऋषभ का लक्ष्य क्या है। उन्होंने कहा कि इंडिया क्रिकेट टीम के लिए खेलना और अपने प्रदर्शन से क्रिकेट में नए रिकार्ड स्थापित करना।
विज्ञापन