पुलिस ने मोबाइल टॉवर बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो दर्जन से अधिक बैटरियां और हजारों की नकदी बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों में दो कबाड़ी भी शामिल हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया।
एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल ने शनिवार को गंगनहर कोतवाली में प्रेसवार्ता कर बताया कि झबरेड़ा क्षेत्र के भलस्वागाज और फाजिलपुर गांव के पास लगे मोबाइल टॉवर से कई बैटरियां चोरी हुई थीं। तभी से मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी। थाना प्रभारी विनोद प्रसाद की अगुवाई में पुलिस टीम ने पांच अक्तूबर को इकबालपुर से अरुण कुमार निवासी थिथकी, मंगलौर को स्कार्पियो में मोबाइल टॉवर की 14 बैटरियां ले जाते पकड़ा था। पूछताछ में उसने बताया था कि मंगलौर, भगवानपुर, झबरेड़ा समेत कई मोबाइल टॉवर से वह और उसके साथी बैटरी चोरी करते हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद अलग-अलग जगहों पर दबिश दी थी। शनिवार को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से मनोज निवासी मोहल्ला खालसा कोतवाली मंगलौर, रोबिन निवासी ग्राम नगला चीना को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का माल दो कबाड़ियों को बेचते थे। पुलिस ने कबाड़ी समद निवासी शेरपुर चुंगी, शाहबुद्दीनपुर, थाना सिविल लाइंस और शमशाद निवासी थाना सिविल लाइंस मुजफ्फरनगर को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 28 बैटरियां, 13 हजार 220 रुपये की नकदी, दो मोबाइल बरामद हुए। इनका एक साथी चिंपक निवासी मोहल्ला खालसा मंगलौर फरार है।