भगवानपुर। तेज गति से जा रहे एक लोडर ने हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे चालक और अन्य दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बुधवार की रात करीब एक बजे एक लोडर मेरठ से देहरादून जा रहा था। जैसे ही वह मंडावर चेकपोस्ट के पास पहुंचा तो हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में उसने जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज सुनकर चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथी में सवार चालक और दो अन्य लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। साथ ही एंबुलेंस की मदद से उनको सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया, यहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। एसआई मनोज ममगाईं ने बताया कि मृतक चालक की पहचान पवन शर्मा (44) पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा निवासी शास्त्री नगर नौचंदी मेरठ के रूप में हुई है, जबकि हाथी में सवार मेरठ निवासी हेमंत और शाकिब घायल हुए हैं। तीनों के परिजनों को सूचना दे दी गई थी। बृहस्पतिवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। एसआई ने बताया कि ट्रक का पता नहीं चल पाया है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं आई है।