फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Roorkee News ›   Lockdown: If people do not agree, the police lathi sticks

लॉक डाउन: शहर और देहात में अघोषित कर्फ्यू

Tue, 24 Mar 2020 08:51 PM IST
Dehradun Bureau देहरादून ब्यूरो
Updated Tue, 24 Mar 2020 08:51 PM IST
विज्ञापन
Lockdown: If people do not agree, the police lathi sticks
रुड़की। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन और धारा 144 लगने के बाद शहर से देहात तक अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात रहे। सुबह दस बजे के बाद घरों से बाहर निकलकर सड़कों और गलियों में घूमने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां भांजकर घर भेजा। लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कराने के लिए पुलिस ने हाईवे और बाजार तक की सड़कों को बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया। शहर में एनाउंसमेंट कर लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर नियमों का उल्लंघन किया तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सख्ती के बाद लोग सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हुई।
विज्ञापन

मंगलवार सुबह रुड़की, लक्सर, भगवानपुर, कलियर, झबरेड़ा, बुग्गावाला, मंगलौर में सुबह सात से दस बजे तक परचून की दुकान, सब्जी मंडी, डेयरी और मेडिकल खुले रहे। वहीं, पुलिस ने सुबह से ही शहर और देहात को सील कर दिया था। शहर और देहात क्षेत्रों में हाईवे और संपर्क मार्गों से आने वाले सभी वाहनों को पुलिस ने वापस भेज दिया। लॉक डाउन के चलते शहर और देहात में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात दिखे। पुलिस ने सुबह सात से दस बजे तक सामान खरीदने का समय दिया। इसके बाद घरों में ही रहने की अपील की, लेकिन अपील के बाद भी शहर से लेकर देहात तक लोग घरों से बाहर निकले तो पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी।
विज्ञापन

रुड़की में पुलिस ने रामपुर, मच्छी बाजार, बंदा रोड, मोहल्ला सोत में बाहर घूमने वालों को लाठियां भांजकर दौड़ाया और घरों के अंदर किया। इस बीच कई जगहों पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि अगर नियम का उल्लंघन किया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल, एसपी देहात एसके सिंह, एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान, सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट, गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने शहर में घूमकर लोगों से घर में रहने की अपील की। एसपी देहात ने बताया कि नियम का उल्लंघन करने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। सभी लोग पुलिस का सहयोग करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

--
जगह-जगह पुलिस से हुई नोकझोंक
शहर और देहात में पुलिस की सख्ती देख लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने लोगों से घर लौटने की अपील की, लेकिन इसके बाद भी लोग पुलिस से उलझते रहे। कई लोग बैरिकेडिंग हटाकर नियम का उल्लंघन करते दिखे तो पुलिस ने लाठियां फटकारकर भगाया।
--
भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव समेत तीन पर केस
रुड़की/लक्सर। लॉकडाउन का पालन नहीं करने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव समेत एक दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को रामपुर चुंगी केे पास भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव प्रवेश आलम निवासी गुलाबनगर कार में पांच से छह लोगों को लेकर शहर के चक्कर काट रहे थे। रामपुर चुंगी के पास पुलिस ने उन्हें रोका और घर जाने की सलाह दी, लेकिन वह पुलिस से नोकझोंक करने लगे। पुलिस की सख्ती देख कार से लोग उतरकर भाग गए जबकि पुलिस ने प्रवेश को कार समेत पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस ने नियम तोड़ने पर उनके खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया। वहीं, रामनगर निवासी दुकानदार दीपक अपनी डिस्पोजेबल की दुकान खोल रहा था। पुलिस ने नियम तोड़ने पर दुकानदार को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर चालान कर दिया। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने इसकी पुष्टि की। वहीं, सुल्तानपुर में एक दुकानदार सामान बेच रहा था और उसकी दुकान पर भीड़ थी। इस मामले में सुल्तानपुर चौकी प्रभारी लोकपाल परमार ने दुकानदार अनिरुद्ध के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
--
मौलवी और पुजारियों की ली बैठक
गंगनहर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के पुजारियों और मौलवियों की बैठक ली। साथ ही अपील की कि वह कोरोना से लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें। इस पर पुलिस ने मस्जिद में तीन लोगों के ही नमाज अदा करने की बात कही जबकि मंदिर में सिर्फ पुजारी ही पूजा करेंगे। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि पुजारियों और मौलवियों ने सहयोग देने का भरोसा दिया। साथ ही जनता से अपील की है कि वे घरों में ही रहकर पूजा और नमाज अदा करें।

--
सीमाओं पर कड़ा पहरा
यूपी से सटी सभी सीमाओं पर मंगलवार को पुलिस का कड़ा पहरा रहा। किसी भी वाहन को प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने पर पूरी तरह से पाबंदी रही। इसे लेकर सोमवार देर शाम एसएसपी ने भी नारसन बॉर्डर पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए कि कोई भी बाहरी वाहन सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। केवल अस्थि विसर्जन या गंभीर मरीज को लेकर आने वाली एंबुलेंस को ही प्रवेश दिया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed