ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। सुल्तानपुर के पूर्व प्रधान के बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल फोन पर रुपये निकाले जाने का संदेश आने के बाद पूर्व प्रधान को मामले की जानकारी हुई। पूर्व प्रधान की तहरीर पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कुन्हारी गांव के पूर्व प्रधान मोहम्मद ताहिर हसन का स्टेट बैंक की शाखा में खाता है। उनके मुताबिक उनके मोबाइल फोन पर दो बार खाते से 20-20 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। मोहम्मद ताहिर का कहना है कि उन्होंने अपने खाते से रुपये नहीं निकाला था। उन्होंने बैंक पहुंचकर इसकी जानकारी बैंककर्मियों को दी। जांच में पता चला कि उनके खाते से जिस एटीएम के माध्यम से रुपये निकाले गए हैं, वह झारखंड के सिरसा ग्रिड में है। उधर कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।