ऋषिकेश। नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर से चोरी की गई रेलिंगों के साथ थाना रायवाला पुलिस ने एक यूटिलिटी वाहन समेत छह आरोपियों को पकड़ा है। थाना पुलिस ने वाहन सीज कर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है।
थाना रायवाला पुलिस ने बताया कि बीते 11 अगस्त को सेतु निर्माण इकाई सहारनपुर परियोजना प्रबंधक के ओपी राम सहायक अभियंता (सिविल) ने थाने में एक लिखित तहरीर देते हुए बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर से लोहे की रेलिंग चोरी कर ली है। मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह मोतीचूर फाटक के पास मोहम्मद नदीम निवासी मोहल्ला लोहरी सराय, थाना नगीना बिजनौर यूपी, मोहम्मद सादिक निवासी भानियावाला मुस्लिम बस्ती थाना डोईवाला देहरादून, वीरेंद्र सिंह, शाहिल कुरेशी निवासी राजीवनगर थाना डोईवाला देहरादून, जब्बार निवासी पुंडरीकलां थाना नागल बिजनौर, तहसीन निवासी तेली मोहल्ला, जौलीग्रांट, डोईवाला, देहरादून, को चोरी की गई रेलिंग के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ पर पता चला कि ये लोग रात में घूमकर यूटिलिटी वाहन में फ्लाईओवर के किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़कर भर लेते हैं, फिर इन्हें बेचकर आपस में पैसे बांट लेते हैं।