एसएसपी टिहरी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान मुनिकीरेती थाना, लक्ष्मणझूला थाना और ऋषिकेश कोतवाली एक यूनिट की तरह काम करेगी। इससे यातायात व्यवस्था में तो सुधार होने के साथ यात्रियों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया जल्द योजना के लिए तीनों जिलों के पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
एसएसपी टिहरी ने बुधवार को मुनिकीरेती थाना का वार्षिक निरीक्षक किया। उन्होंने थाना परिसर, शास्त्रागार, मालखाना और मैस की व्यवस्थाओें का जायजा लिया। इस दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गई। उन्होंने थाना निरीक्षक रितेश शाह को लंबित विवेचनाओं के गुण दोष के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। एसएसएपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर पर्यटक पुलिस का गठन किया जा रहा है। पर्यटन पुलिस तीर्थयात्रियों के साथ मित्र पुलिस की तरह व्यवहार करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस को आपदा की स्थिति में फौरी कार्रवाई के लिए तैयार रहने के लिए कहा। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने कहा कि यात्रियों की समस्याओं के निराकरण, दुर्घटना, आपातकालीन स्थिति में पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में थाना पुलिस ने काफी अच्छा कार्य कर रही है। इस दौरान उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, पिंकी तोमर, शिवपुरी चौकी इंचार्ज सुनील पंत, तपोवन चौकी इंचार्ज सत्येंद्र भंडारी, ढालवाला चौकी इंचार्ज सचिन पुंडीर आदि उपस्थित रहे।