निर्माण कार्यों में धीमी गति से कार्य करने वाले अफसर अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर लें। यदि काम में तेजी नहीं ला सकते है तो अपने ट्रांसफर के लिए भी तैयार रहें। यह बात मेयर अनिता ममगाईं ने नगर निगम में निर्माण कार्यों से संबंधित अधिकारियों की बैठक के दौरान कही। मंगलवार को मेयर अनिता ममगाईं ने निगम के अफसरों की बैठक ली। मेयर ने बोर्ड गठन के बाद से वर्तमान समय तक किए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा। इस दौरान अफसर मेयर को ब्यौरा उपलब्ध नहीं करा सके।
मेयर ने अफसरों निर्देश देते हुए कहा कि जो प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास किए गए हैं, उनकी प्रगति दो दिन के भीतर उन्हें उपलब्ध कराएं। उन्होंने अफसरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यदि दो दिन बाद संतोषजनक रिपोर्ट नहीं पाई जाती है या विकास कार्यों में अफसरों की लापरवाही मिली तो तबादले के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि अफसर का काम प्रत्येक दिन घर से ऑफिस और ऑफिस से घर जाना नहीं है। उन्होंने अफसरों को जनता के प्रति नम्र व्यवहार और काम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की नसीहत दी। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त ऐलम दास, राजकुमार सिंह, सहायक अभियंता आनंद सिंह मिश्रवाण आदि मौजूद रहे।