श्री गुरुनानक देव महाराज का 550वॉ प्रकाश उत्सव श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में धूमधाम से मनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सेवा की। इस मौके पर उन्होंने गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा की चारदीवारी बनाने के लिए पांच लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव केवल किसी धर्म विशेष के गुरु नहीं अपितु संपूर्ण सृष्टि के जगद्गुरु थे। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व जितना सरल, सीधा और स्पष्ट है, उसका अध्ययन और अनुसरण भी उतना ही व्यावहारिक है। इस अवसर पर प्रबंधक हाकम सिंह, इंद्रपाल सिंह, परमजीत सिंह, प्रेम सिंह, अजीत सिंह गोल्डी, मंगल सिंह, चेतन शर्मा, कपिल गुप्ता, गगन, सतपाल सिंह, गोविंद सिंह आदि उपस्थित रहे।
वहीं, श्री गुरुनानक देव महाराज के 550वें प्रकाशोत्सव पर हजारों संगतों के साथ मेयर अनिता ममगाईं ने भी गुरु पर्व पर मत्था टेक शहर की खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा सिंह साहिब के तत्वावधान में रेलवे रोड़ स्थित नानक निवास में दोपहर को दीवान सजाया गया। हजारों लोगों ने गुरुग्रंथ साहिब के सम्मुख मत्था टेका व गुरु की अमृत वाणी सुनी। गुरु का अटूट लंगर भी छका। इस मौके पर मेयर ने कहा कि गुरुनानक देव का जीवन और संदेश पूरी मानवता को प्रेम, करुणा, समानता और भाईचारे की राह दिखाता है। इस मौके पर तरसेम सिंह, प्रेम सिंह डंग, इंद्रपाल सिंह, परमजीत डंग, गोविंद सिंह, देवेंद्र सिंह, मंगा सिंह, हरिचरण सिंह, कृपाल सिंह, पार्षद अजीत गोल्डी, पार्षद गुरविंदर सिंह, हर्ष गवाड़ी आदि उपस्थित रहे।