रायवाला। नवनिर्मित हाईवे से उपजी समस्या को लेकर छिद्दरवाला के ग्रामीणों ने एनएचएआई के निदेशक का घेराव कर समस्याए गिनाईं और समाधान की मांग के लिए ज्ञापन भी सौंपा।
शुक्रवार को छिद्दरवाला के ग्रामीणों ने नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तारीकरण के बाद उपजी समस्याओं से निदेशक वैभव मित्तल को अवगत कराया। घेराव कर ग्रामीणों ने छिद्दरवाला में नाली निर्माण कार्य, सर्विस रोड सहित चार प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। घेराव करने वालों में गोकुल रमोला, गजेंद्र विक्रम शाही ने बताया कि छिद्दरवाला में दोनों ओर फ्लाईओवर बनाए गए हैं, जिन से होकर छिद्दरवाला आबादी क्षेत्र में पहुंच रहे वाहन तेज गति से दौड़ लगा रहे हैं। जिससे आए दिन दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। वाहनों की गति नियंत्रण के उपाय, हाईवे पर अधूरे नाली निर्माण कार्य को पूरा किया जाए, सर्विस रोड को ओणेश्वर मंदिर से जंगलात चौकी तक बनाया जाए, हाईवे आर-पार के लिए सुरक्षित फुट ओवर ब्रिज बनाए जाने, हाईवे पर कम से कम तीन कट दिए जाने की मांग की गई। इस अवसर पर निदेशक की ओर से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं गई और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। घेराव करने वालों में कृष्ण कुमार थापा, दीपक नेगी, कुंवर सिंह, अंशुल त्यागी, बिट्टू त्यागी, धीरज थापा, बुध बहादुर गुरुंग, कमल रावत, प्रवीण बिष्ट, सोहन थलवाल, मोहन बगियाल, आरती मांझी, संतोषी शर्मा, सीमा थापा आदि रहे।