ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गुमानीवाला में एक किशोर पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चला गया। किशोर ने इस बाबत घर पर एक पत्र भी छोड़ा है। पत्र में उसने स्वयं पंजाब जाने की बात लिखी है और आठ दिन बाद खुद ही संपर्क करने की बात कही है। मंगलवार को देवेंद्र विहार गुमानीवाला निवासी राज शेखर त्यागी ने कोतवाली पुलिस में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका 14 वर्षीय पुत्र सार्थक त्यागी बीते रविवार को बिना बताए घर से कहीं चला गया है।
शनिवार की रात वह अपने टैब पर काम कर रहा था इसको लेकर उन्होंने उसे डांट लगाई। रविवार की दोपहर तक वह घर पर ही रहा और अचानक स्कूल का बैग लेकर घर से कहीं चला गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से देखते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। इस मामले की पड़ताल श्यामपुर चौकी प्रभारी गिरीश नेगी को सौंपी गई है। जल्द ही किशोर का पता लगा लिया जाएगा।