प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चार दिसंबर को प्रस्तावित देहरादून रैली को सफल बनाने के लिए शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भानियावाला में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों को लेकर चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के 2500 दोपहिया वाहनों से पांच हजार कार्यकर्ता रैली में जाएंगे। कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की समृद्धि और विकास की नई इबारत लिखी है। उत्तराखंड को भी उन्होंने कई सौगातें दी हैं। उन्होंने बताया रानीपोखरी में लॉ यूनिवर्सिटी के लिए जल्द कार्य शुरू होने जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा विधानसभा प्रभारी संदीप गुप्ता, पूर्व दर्जाधारी करन बोरा, ऋतु मित्रा, राजपाल रावत, अमित शाह, विनय कंडवाल, संपूर्ण सिंह रावत, राजकुमार, ललित पंत, पंकज शर्मा, मनवर नेगी, प्रेम पुंडीर, विक्रम सिंह नेगी, ईश्वर रौथाण आदि थे।