ऋषिकेश। उत्तराखंड ट्रक ट्रांसपोर्ट महासंघ ने रेल परियोजनाओं में लगे ट्रकों पर ओवरलोड माल ढोने का आरोप लगाया। महासंघ ने बाइपास मार्ग पर रेल विकास निगम(आरवीएनएल) कार्यालय के बाहर धरना दिया। समस्या का समाधान न होने पर महासंघ ने अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है।
गढ़वाल ट्रक ऑनर्स ऋषिकेश के अध्यक्ष दिनेश बहुगुुणा ने कहा कि ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के निर्माण के दौरान रेल विकास निगम की ओर से जिन एजेंसियों से माल ढोने का अनुबंध किया गया है। वह संस्थाएं ओवरलोड सामान लेकर संबंधित परियोजना के निर्माण स्थल तक पहुंच रहे हैं। आरवीएनएल की ओर से अनुबंधित की गई एजेंसियां परमिट शर्तों का उल्लंघन कर माल ढो रही हैं। ओवरलोड वाहनों के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के ओवरलोड होकर जाने से स्थानीय वाहनों को काम नहीं मिल पा रहा है। मनोज ध्यानी ने कहा कि स्थानीय छह टायर वाले ट्रकों का पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी चालान कर रहे हैं, जबकि रेल परियोजनाओं में दस टायरा ट्रक ओवरलोड माल लेकर जा रहे हैं, इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। धरना देने वालों में अरविंद सकलानी, विक्रम मोहन कोठारी, कृष्णा बडोनी, कुलदीप बहुगुणा, अंकित अरोड़ा, सुशील मलिक आदि थे।