ऋषिकेश। महाकुंभ हरिद्वार में हुए आरटीपीसीआर फर्जीवाड़े के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने कोयलघाटी में मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ता विधासभा अध्यक्ष के कैंप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने कोयलघाटी के पास बैरिकेडिंग कर आप कार्यकर्ताओं को रोक दिया।
आम आदमी पार्टी ने महाकुंभ आरटी पीसीआर फर्जीवाड़े को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बृहस्पितवार को प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत आप कार्यकर्ता कोयल घाटी स्थित पार्टी कार्यालय से विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के लिए निकले। लेकिन बैराज के ओर जाने वाले रास्ते में पुलिस ने पहले ही बैरिकेड लगा दिए थे। मौके पर तैनात सीओ दिनेश चंद्र ढ़ौडियाल और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी आप कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। पुलिस के रोकने पर कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड के पास ही प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आप के जिला संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार का पाप का घड़ा भर चुका है। आज प्रदेश की 70 विधानसभाओं में आप कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ अपना विरोध जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के पाप के घड़े को फोड़कर उसे सत्ता से बेदखल कर करने का काम करेगी। पार्टी के मीडिया प्रभारी डॉ.राजे नेगी ने कहा कि हरिद्वार महाकुंभ में हुए कोविड आरटीपीसीआर रिपोर्ट को लेकर हुए फर्जीवाड़े से साफ गया है कि यह एक बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो निर्माण कार्य हो रहे हैं उनमें भी घोटाले हो रहे हैं, निर्माण सामग्री का जो अनुपात कागजों में दिखाया जा रहा है वह धरातल नहीं लगाया जा रहा है। जिसका उदाहरण बड़ासी के मोटरपुल की एप्रोच दीवार, डोईवाला फ्लाइओवर की एप्रोच दीवार है। थानो से रायपुर के बीच बड़ासी ग्रांट बाजार में बने मोटरपुल की एप्रोच रोड भी पहले धंस चुकी है। प्रदर्शनकारियों में विजय पंवार, अमित विश्नोई, धनपाल रावत, गणेश बिजल्वाण, अंकित नैथानी, राहुल चौरसिया, रजनी कश्यप, नीलम, जगदीश कोहली, चंद्रमोहन भट्ट, अमन नौटियाल, शुभम रावत, प्रवीण असवाल, विनायक गिरी, नरेंद्र सिंह, महावीर अमोला, ऋषि यादव आदि थे।