शक्तिमान पर हमले का आरोपी भाजयुमो नेता गिरफ्तार, कई जगह दबिश
- भाजयुमो नेता को हल्द्वानी से किया गिरफ्तार।
- दून में जोगेंद्र पुंडीर पुलिस को चकमा देकर फरार।
- विधायक गणेश जोशी के बयान लेने की तैयारी शुरू।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस के घोड़े ‘शक्तिमान’ की टांग तोड़ने के मामले में चिह्नित भाजपा नेताओं की तलाश में बृहस्पतिवार को प्रदेश भर में पुलिस दबिश चलती रही। हल्द्वानी से भाजयुमो नेता प्रमोद बोरा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दून में जोगेंद्र पुंडीर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
कार्रवाई के विरोध में भाजपाइयों ने हंगामा कर जाम भी लगाया। तीसरे आरोपी की तलाश में बालावाला में दबिश दी गई लेकिन वो फुटेज के आधार पर बेकसूर पाया गया। विवेचक ने आरोपी बनाए गए भाजपा के मसूरी विधायक गणेश जोशी के बयान लेने की तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा सत्र चलने के कारण नोटिस जारी करने से पहले विधिक राय ली जा रही है।
14 मार्च को भाजपा के विधानसभा कूच के दौरान रिस्पना पुल बैरियर पर हुए बवाल के दौरान पुलिस के घोडे़ ‘शक्तिमान’ के बाएं पैर की हड्डी टूट गई थी। पुलिस की तरफ से दर्ज पहले मुकदमे में ‘शक्तिमान’ का पैर तोड़ने के मामले में मसूरी क्षेत्र के भाजपा विधायक गणेश जोशी और उनके समर्थक नामजद हुए।
डीजीपी ने खुद दिए कार्रवाई के आदेश
विकासनगर तहसीलदार की जिप्सी तोड़फोड़ का दूसरा अभियोग अज्ञात भाजपाइयों पर पंजीकृत हुआ। हंगामे के बीच पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर अभी तीन भाजपाइयों को चिह्नित किया।
इनमें हल्द्वानी के भाजयुमो के विभाग संयोजक प्रमोद बोरा, देहरादून के जीएमएस रोड निवासी जोगेंद्र पुंडीर और बालावाला का खुरोला शामिल है। पुलिस ने वीडियो रिकार्डिंग की जांच की तो पाया कि शक्तिमान पर लगाम खींचने वाला कमलुआगांजा निवासी भाजपा नेता प्रमोद बोरा है। डीजीपी ने एसएसपी स्वीटी अग्रवाल को कार्रवाई के लिए फोन किया था। आदेश मिलने के बाद एसओजी की टीम सक्रिय हो गई।
सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एसओजी प्रभारी अशोक राठौड़ की अगुवाई में टीम ने रामनगर के पीरूमदारा में भाजयुमो नेता प्रमोद बोरा को हिरासत में लिया। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर कोई भाजपा नेता सामने नहीं आया। देहरादून पुलिस आरोपी को ले आई।
वीडियो फुटेज से चिह्नित किए गए तीन आरोपी: एसएसपी
वीडियो फुटेज के आधार पर चिह्नित आरोपियों की तलाश में दबिश चल रही है। फिलहाल हल्द्वानी से प्रमोद बोरा की गिरफ्तारी हुई है। जल्द ही विधायक गणेश जोशी को बयान देने के लिए बुलाया जाएगा। विवेचना में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-डॉ. सदानंद दाते, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक