{"_id":"590cb6444f1c1b4a63443640","slug":"wreckage-mule-death","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनपुर में मलबे में दबा खच्चर, मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनपुर में मलबे में दबा खच्चर, मौत
ब्यूरो/अमर उजाला,धारचूला
Updated Fri, 05 May 2017 10:58 PM IST
विज्ञापन
लखनपुर में रास्ते में गिरे पत्थर
- फोटो : अमर उजाला
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर गर्वाधार और मालपा के बीच स्थित लखनपुर में शुक्रवार सुबह दस बजे सामान लेकर जा रहे एक खच्चर की मलबे में दबकर मौत हो गई। खच्चर में लदा सारा सामान नष्ट हो गया। घटना के समय कई और लोग खच्चरों के साथ जा रहे थे। उन्होंने भागकर जान बचाई। लखनपुर के ठीक ऊपरी हिस्से पर इन दिनों सड़क निर्माण का काम चल रहा है। सड़क निर्माण के दौरान निकला मलबा और पत्थरों को मजदूर सीधे पहाड़ी से नीचे लुढ़का दे रहे हैं। पिछले एक महीने से इस स्थान पर रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है।
विज्ञापन
यहां मिली सूचना में कहा गया है कि गर्ब्यांग निवासी जगदीश गर्ब्याल धारचूला से सामान लेकर अपने गांव जा रहे थे। उनके साथ पीछे से पांच खच्चर वाले और चल रहे थे। सुबह दस बजे जैसे ही यह लोग लखनपुर पहुंचे तो पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर रास्ते पर गिर गए। एक बड़ा पत्थर लगने से खच्चर की मौत हो गई। उसमें लदा घरेलू सामान, राशन आदि भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया। जगदीश गर्ब्याल और अन्य खच्चर वालों ने भागकर जान बचाई। इस स्थान पर इतना खतरा हो गया है कि यदि संतुलन बिगड़ा तो सीधे महाकाली में गिरने का भय है। इसी रास्ते से जून में कैलाश मानसरोवर यात्रियों को भी जाना होगा। यदि तब तक रास्ता नहीं सुधरा तो भारी खतरा हो सकता है।
विज्ञापन
खच्चर यूनियन के अध्यक्ष दान सिंह बुदियाल और महासचिव रूप सिंह बुदियाल ने कहा कि सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए जाएं कि वह मलबा पहाड़ी से नीचे न गिराएं। इन दोनों घटना की जानकारी शुक्रवार को एसडीएम आरके पांडे को दी और गरीब खच्चर वाले को मुआवजा देने की मांग की।
विज्ञापन
