मजदूरों और ग्रामीणों में मारपीट प्रधान समेत दो गिरफ्तार, तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुरिंगगाड़ लघु जल विद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही सड़क में तय शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शनिवार को काम रोक दिया, जिसको लेकर मजदूरों और तल्ला दुम्मर गांव के लोगों में मारपीट हो गई। मारपीट में दो मजदूर जख्मी हुए है। मजदूरों और ठेकेदार के मुंशी ने ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, ग्रामीणों ने भी ठेकेदार और उसके मजदूरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ठेकेदार की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम प्रधान पंकज सिंह और उनके भाई यशवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, भाजपा ने गिरफ्तारी पर ऐतराज जताते हुए सोमवार को डीएम का घेराव करने का फैसला लिया है।
पुलिस ने बताया कि सुरिंगगाड़ में इन दिनों उत्तराखंड लघु जल विद्युत निगम की ओर से बनाई जा रही 10 किलोवाट क्षमता की बिजली परियोजना के निर्माण का काम चल रहा है। परियोजना स्थल तक जाने के लिए ठेकेदार के मजदूर सड़क का निर्माण कर रहे हैं। यह सड़क तल्लादुम्मर गांव से होकर जा रही है। शनिवार को जैसे ही मजदूर सड़क निर्माण का काम कर रहे थे, तभी गांव के लोगों ने काम रोक दिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। गांव के लोगों ने मजदूरों और मुंशी की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में गणेश सिंह और राम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ठेकेदार मनोज खैनाल ने घायल मजदूरों का मेडिकल कराने के बाद थाने में तल्लादुम्मर गांव के पंकज सिंह समेत कुल दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 323 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, तल्ला दुम्मर गांव के लोगों का कहना है कि ठेकेदार के लोग पहले से तय शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं। सड़क निर्माण के समय उच्च क्षमता वाले विस्फोटकों का प्रयोग हो रहा है। विस्फोट के समय पत्थर तथा मलबा लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इस मामले की शिकायत पहले ही एसडीएम से की जा चुकी है। गांव के लोगों का कहना है कि ठेकेदार गांववालों को धमका कर गैरकानूनी तरीके से काम करना चाहता है। गांव के लोगों ने भी थाने में तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी हरेंद्र नेगी का कहना है कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्दी ही गिरफ्तारी भी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की गहराई से छानबीन करेगी। लघु जल विद्युत निगम सुरिंगगाड़ में फेज टू नाम से नई बिजली परियोजना का निर्माण कर रहा है। परियोजना के निर्माण के समय से ही गांव के लोगों का विरोध शुरू हो गया। भाजपा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी जगत मर्तोलिया ने कहा है कि तल्लादुम्मर गांव आपदा प्रभावित है। गांव के लोगों के विरोध को जायज बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।