गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार ने सीएचसी गंगोलीहाट में 130 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए। अल्टासाउंड के लिए दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से महिलाएं पहुंची थीं। शनिवार को पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार थल-बेड़ीनाग रूट से गंगोलीहाट पहुंचे।
उन्होंने सीएचसी गंगोलीहाट में गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड करने शुरू कर दिए। सीडीओ के सीएचसी में अल्ट्रासाउंड करने की सूचना मिलने पर गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, थल, पांखू, गणाई गंगोली, चहज, दूनी, नाली, पोखरी, पाली, सेराघाट आदि क्षेत्रों से महिलाएं पहुंचीं। सीडीओ ने देर शाम तक अल्ट्रासाउंड करते रहे। इस दौरान 130 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए गए। डॉ. पवन कार्की, डॉ. प्रतीक उजाला, दीपप्रकाश पंत, हिमानी, नरेंद्र कुमार, जितेंद्र, गोकुल प्रसाद, रवींद्र वल्दिया, राजेंद्र उप्रेती आदि ने इस कार्य में सहयोग दिया। सीडीओ डॉ. गहरवार ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रहने के दौरान गंगोलीहाट सीएचसी में स्वयं अल्ट्रासाउंड करने का जिम्मा संभाला था। सीडीओ बनने के बाद भी वह हर माह गंगोलीहाट सीएचसी जाकर अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। इससे गंगोलीहाट और बेड़ीनाग क्षेत्र की महिलाओं को एक सौ किमी दूर जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है।