मुनस्यारी में ट्रैक आफ द ईयर खलियाटॉप शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, यूथ हॉस्टल ऑफ इंडिया, कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से आयोजित ट्रैक ऑफ द ईयर खलियाटॉप का शुक्रवार को जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने उद्घाटन किया। ट्रैकिंग शनिवार से शुरू होगी। पहले बैच में शामिल 30 युवाओं का दल चार दिन तक मर्तोलीथौड़, रूरखान, भैंसियाताल तक ट्रैकिंग करेगा। 30 मई तक चलने वाले ट्रैकिंग में कुल 800 लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने ट्रैकरों से अपील की कि किसी भी इलाके में गंदगी न फैलाई जाए, यदि कहीं पर गंदगी नजर आएगी तो उसे साफ करने का प्रयास करें।
पिछले दिनों खलियाटॉप में ट्रैकिंग की कैपिंग नहीं करने को लेकर लोगों ने विरोध जताया था। इसी कारण यह तय किया गया कि खलियाटॉप में कैंपिंग नहीं होगी। उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद पूर्व मुख्य सचिव डा. आरएस टोलिया ने कहा कि खलियाटॉप में किसी भी दशा में कैंप न किया जाए। इस तरह के पर्यटन की क्षेत्र के लोगों को आवश्यकता नहीं है। डीएफओ डा. आईपी सिंह, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल, यूथ हॉस्टल ऑफ इंडिया के युधिष्ठर शर्मा आदि ने पंचाचूली बेस कैंप, छिपलाधूरा और चर्थी बुग्याल को ट्रैकिंग साइट के रूप में विकसित करने का सुझाव रखा।
इस दौरान पर्यटन विभाग की उप निदेशक पूनम चंद, जिला पर्यटन अधिकारी बीपी टम्टा, एसडीएम वैभव गुप्ता, केएमवीएन के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत, तारा पांगती, डा. एसएस पांगती, हीरा सिंह चिराल आदि मौजूद थे।
उद्घाटन के दिन ही घोड़े की मौत
मर्तोलीथौड़ ट्रैकिंग साइट के लिए ट्रैकरों का सामान ले जा रहा कुंदन राम का घोड़ा पहाड़ी से गिर गया। घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। कुंदन राम ने घोड़े का मुआवजा देने की मांग की है। बताया गया कि बीते दिनों की बारिश के कारण कई स्थानों पर रास्ते में फिसलन हो रही है।
प्रदूषण न फैलाने की शपथ ली
ट्रैकर वीके सिन्हा के आह्वान पर ट्रैकिंग में शामिल सभी लोगों ने यह शपथ ली कि वह ट्रैकिंग साइट में गंदगी नहीं होने देंगे, यदि कहीं पर गंदगी दिखेगी तो उसे साफ कर दिया जाएगा। केएमवीएन के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि हर ट्रैकर को एक-एक बैग दिया गया है, ताकि वह इसमें कूड़े को एकत्र कर सके।