संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। सीमांत जिले में हर रोज हो रही बारिश और ओलावृष्टि से लोग परेशान हैं। भारी बारिश के कारण वड्डा में एक मकान खतरे की जद में आ गया है। इधर, जाजरदेवल आईटीबीपी कैंप के पास बारिश से चाहरदीवारी भर भराकर गिर गई। बारिश के कारण जिले की तीन सड़कें भी बंद चल रही हैं। इधर, मुवानी मल्लाकोट और मुंगरौली में अतिवृष्टि से 25 मकानों में मलबा घुस गया है। जिला मुख्यालय सहित इन दिनों गंगोलीहाट, डीडीहाट, बेरीनाग, मुनस्यारी, धारचूला, कनालीछीना सहित कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है। भारी बारिश के कारण कपकोट सामा-तेजम, मसूरी कांडा - होकर, चम्मू-धुरौली सड़क बंद हो गई है। वड्डा क्षेत्र में बारिश के कारण भूपाल सिंह का मकान खतरे की जद में आ गया है। कुछ समय ही पूर्व हुई बारिश में भी उनके मकान का एक हिस्सा गिर गया था। मल्ला कोट तथा मुंगरौली में अतिवृष्टि से 25 परिवारों के घरों में मलबा घुस गया है और पेयजल योजना ध्वस्त हो गई है। विधायक विशन सिंह चुफाल ने तहसील प्रशासन, लोनिवि,जल संस्थान, विकास खंड, उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी कनालीछीना को मल्ला कोट में बरसाती नाले, सिंचाई विभाग से क्रेटवायर दीवार के लिए सिंचाई विभाग से शासन स्तर पर आंगणन तैयार करने को कहा। मुवानी बुंगरौली सड़क में दीवार, नाली, काजवे निर्माण के लिए लोनिवि से इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान को क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं को तुरन्त ठीक करने को कहा हैं। उन्होंने ओलावृष्टि से आम, लीची, सब्जी के नुकसान के मुआवजा के लिए उद्यान विभाग के अधिकारियों से निरीक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार सुभाष राम, कानूनगो नारायण सिंह कठायत, प्रधान गोदावरी बम, रमेश बम, दीपक कार्की सहित कई लोग मौजूद रहे। --: गाड़-गधेरे और नदियां उफान पर :-- पिथौरागढ़। भारी बारिश के कारण जिले के गाड़-गधेरे और नदियों भी उफान में चल रही है। गाड़ गधेरों के ऊफान में रहने के कारण नदी किनारे रह रहे लोग खौफ में है। इधर कई स्थानों में नालों के सड़क में बहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ---------- सीमांत जिले में बारिश का विवरण (एमएम में) मुनस्यारी 8.4 धारचूला, 6.0 बेरीनाग 5.0, पिथौरागढ़ 2.4, गंगोलीहाट 2.0, डीडीहाट 2.0 ---