{"_id":"d03232489c2017c9b265cd28e9e301ea","slug":"three-cubs-were-found-in-the-cave-in-pithoragarh-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पिथौरागढ़ में गुफा में तीन शावक मिले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पिथौरागढ़ में गुफा में तीन शावक मिले
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Sat, 24 Oct 2015 10:25 PM IST
विज्ञापन
नगर के लुंठ्यूड़ा मोहल्ले में जीजीआईसी के आवासीय परिसर और बालिका छात्रावास के ठीक बीच में एक छोटी सी गुफा में तीन शावक मिलने से पूरे दिन दहशत का माहौल रहा।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शावक तेंदुए के हैं, जबकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह शावक जंगली बिल्ली के हो सकते हैं। अलबत्ता इन शावकों की सही ढंग से पहचान कराई जा रही है।
विज्ञापन
शनिवार सुबह कुछ लोगों ने गुफा के भीतर सोये हुए तीन शावकों को देखा और वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन शावकों की स्थिति को देखा।
विज्ञापन
अनुमान लगाया जा रहा है कि शावक एक-दो दिन पहले ही पैदा हुए होंगे, इनमें से दो शावक स्वस्थ हालत में हैं, जबकि एक बेहद कमजोर है।
डीएफओ डा.आईपी सिंह ने कहा कि सरसरी तौर पर देखने में यह शावक जंगली बिल्ली के प्रतीत होते हैं। उन्होंने कहा कि छोटी अवस्था में तेंदुआ और जंगली बिल्ली के शावक एक समान नजर आते हैं।
इधर, नगर के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से लुंठ्यूड़ा, चंडाक रोड, खड़कोट समेत अन्य स्थानों पर तेंदुआ नजर आ रहा है। यह शावक उसी तेंदुए के हो सकते हैं।
फिलहाल वन विभाग ने इस स्थान पर निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी है और लोगों से सतर्क रहने को कहा है। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर तो पहुंचे, लेकिन इन शावकों के साथ उन्होंने कोई छेड़छाड़ या वहां से हटाने का प्रयास नहीं किया। नगर के ठीक बीच में शावकों के मिलने से लोगों में दहशत है।