{"_id":"5bc8bd55bdec22698b7fc5d4","slug":"the-devotees-of-lord-shiva-take-blessings-of-god","type":"story","status":"publish","title_hn":"चौमू देवता का आशीर्वाद लेने उमड़े श्रद्धालु","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चौमू देवता का आशीर्वाद लेने उमड़े श्रद्धालु
ब्यूरो/अमर उजाला, वड्डा
Updated Thu, 18 Oct 2018 10:35 PM IST
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के वड्डा क्षेत्र के चौपखिया मेले में देव डोला ले जाते स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
मूनाकोट ब्लॉक का प्रसिद्ध चौपखिया मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। मेले में नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सैकड़ों भक्तों को चौमू देवता ने आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन
सौनपट्टी और गुमदेश के प्रसिद्ध चौपखिया मेले का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया ने किया। मेले में सुबह से ही लोग पूजा अर्चना के लिए आने लगे थे। दिन में दो बजे मंदिर के गर्भग्रह से चौमू देवता के अस्त्र मल्ली रियासी ले जाए गए। वहां से देवडांगर ने भक्तों को आशीर्वाद दिया। दूसरा डोला तीन बजे मंदिर परिसर में घुमाया गया। मंदिर के पुजारी प्रेम दत्त जोशी एवं ललित मोहन जोशी ने बताया मेले में इस वर्ष भी दो डोले आए। मान्यता है कि चौपखिया मंदिर में नवमी के दिन लगने वाले मेले में आराधना करने वालों की मनोकामना एक वर्ष में पूरी हो जाती है।
विज्ञापन
मेले में दूरदराज से भी बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंचे। बनारस से नंदू चौधरी रेडीमेड फूलों को लेकर आए। उन्होंने बताया इस बार फूलों की खूब बिक्री हुई। मेला समिति एवं क्षेत्र के प्रधान टाईगर खड़ायत ने बताया कि नवमी के दिन लगने वाले मेेले में पशुबलि नहीं होती। मेले में पूर्व विधायक मयूख महर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर, जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस ऋषेंद्र महर, भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष दिवाकर जोशी, व्यापार संघ अध्यक्ष कमलेश खड़ायत, पुष्कर भाटिया, महिमन कन्याल, मनोज सामंत, कैलाश खड़ायत, शुभम चंद, योगेश चंद मौजूद थे। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु और सीओ शेखर सुयाल मौजूद रहे।
विज्ञापन
कृषि उपकरणों की हुई जमकर खरीदारी
पिथौरागढ़। चौपखिया मेले में कृषि उपकरणों की जमकर खरीदारी हुई। हल्दू से लक्ष्मण राम, क्वीतड़ से आए राजेंद्र राम ने बताया कि नदी घाटी के गांवों में हाथ से बनाए जाने वाले हल की अच्छी मांग है। मेले में आए लोगों ने कृषि यंत्रों की खरीदारी की। मेलार्थियों के लिए वड्डा बाजार में रामलीला कमेटी ने जगह-जगह प्याऊ लगाए थे।