धारचूला (पिथौरागढ़)। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या से चिंतित व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला के माध्यम से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की मांग की है। व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा और महासचिव नवीन खर्कवाल ने कहा कि संक्रमण से सीमांत को बचाने के लिए वाहनों के सीमांत में प्रवेश पर शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक रोक लगाने के लिए जाजरदेवल, थल, ओगला, अस्कोट, जौलजीबी और बलुवाकोट आदि चेक पोस्टों पर आने वाले सभी लोगों को सूचीबद्ध करने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि निजी तौर पर वाहन बुक करके ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे लोगों की संख्या बढ़ रही है जो प्रशासन के लिए भी मुसीबत बनी हुई है। व्यापार संघ के संरक्षक शाम चंद्र खर्कवाल और कैलाश सिंह रावत ने कहा कि रेड जोन से आ रहे प्रवासियों के लिए बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं जिससे कि क्वारंटीन की समय अवधि का प्रवासी पूर्ण रूप से पालन कर सकें। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला ने कहा कि जिले में बढ़ते मामले को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। व्यापारियों की मांग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं साथ ही क्वारंटीन सेंटरों में स्वयं उनके द्वारा ही निगरानी की जा रही है दिक्कतों का समाधान भी किया जा रहा है उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से ही सीमांत में कोरोना को आने से रोका जा सकता है। इस दौरान कमल कौशल पूर्व पालिका अध्यक्ष अशोक नबियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश लाल वर्मा, भीम सिंह रावत, ओपी वर्मा, ओपी कापड़ी, गुमान सिंह बिष्ट, प्रकाश गुंज्याल, लक्ष्मी परमार, मोहनी देवी, आदि उपस्थित रहे।