{"_id":"58629eda4f1c1b8940eec8bd","slug":"polling-parties-cater-to-roads","type":"story","status":"publish","title_hn":"टूटी सड़कों से होकर गुजरेंगी पोलिंग पार्टियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टूटी सड़कों से होकर गुजरेंगी पोलिंग पार्टियां
ब्यूरो/अमर उजाला, डीडीहाट
Updated Tue, 27 Dec 2016 10:33 PM IST
विज्ञापन
ओगला-थल स्टेट हाइवे में टूटी हुई दीवार
- फोटो : अमर उजाला
आपदा के समय क्षतिग्रस्त क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत का काम शुरू न होने से इतना तो तय है कि इस बार विधानसभा चुनाव के समय पोलिंग पार्टियों को टूटी सड़कों से होकर ही गुजरना पड़ेगा। यदि उस दौरान बारिश या बर्फबारी हुई तो इन सड़कों के बंद होने का खतरा भी हो सकता है। 30 जून की रात आई आपदा के बाद अब तक सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया है। लोनिवि को छह माह बाद भी सड़कों की मरम्मत के लिए धन नहीं मिला है।
विज्ञापन
सबसे खराब हालत ओगला-डीडीहाट-थल स्टेट हाइवे की हो गई है। इस सड़क का 34 किमी का हिस्सा आपदा के समय बुरी तरह ध्वस्त हो गया था। लोनिवि ने सड़क को कामचलाऊ हालत में खोल तो दिया था, लेकिन सड़क पर खतरे बने हैं। कई स्थानों पर सड़कों की दीवारें टूटी हुई हैं। गड्ढों में पानी भरने से अक्सर यातायात में बाधा पहुंच रही है। कामचलाऊ हालत में खोली गई इस सड़क की मरम्मत के लिए शासन से पैसा नहीं मिला है। ठीक यही हालत डीडीहाट-पमस्यारी मोटर मार्ग की भी हो गई है। इस सड़क पर भी कई जगह दीवारें धंसी हैं और सड़क पर गड्ढे बने हैं।
विज्ञापन
यदि चुनाव से पूर्व सड़कों की मरम्मत के लिए पैसा नहीं आता तो पोलिंग पार्टियों को मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने कहा कि ओगला-डीडीहाट-थल स्टेट हाइवे को कामचलाऊ हालत में यातायात के लिए खोला गया है। तेज बारिश और हिमपात में इस सड़क के बंद होने की आशंका है। आपदा मद से इन सड़कों को सही करने के लिए आगणन 5 माह पूर्व ही शासन को भेज दिए हैं, परंतु अब तक धनराशि विभाग को प्राप्त नहीं हुई है।
विज्ञापन