नोटबंदी के 50 दिन बीते, बैंकों में बढ़ने लगी भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने के बाद यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि अब बैंकों में भीड़ कम होने लगेगी, लेकिन बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय में स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में काफी भीड़ उमड़ गई। अब सेना और सिविल पेंशनरों की पेंशन उनके खातों में आ गई है। इस कारण निकासी के लिए बड़ी संख्या में पेंशनर बैंक पहुंचे। इसके अलावा एक जनवरी से यहां के विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश शुरू होगा। बच्चों को पढ़ाने के लिए किराए के कमरों में रहने वाले लोग छुट्टी में घरों को जाने की तैयारी में हैं। इसलिए वह इस महीने के सारे देयकों का भुगतान कर लेना चाहते हैं।
बैंकों से अभी सप्ताह में अधिकतम 24 हजार रुपए का काउंटर भुगतान मिल रहा है। इसके अलावा एटीएम में पर्याप्त पैसा होने से लोगों को सुविधा मिल रही है। नगर क्षेत्र में विभिन्न बैंकों के दो दर्जन एटीएम लगे हैं। बैंक के अधिकारियों ने बताया कि महीने के अंतिम दिनों में भीड़ बढ़ने लगती है। जनवरी प्रथम सप्ताह में बैंक में ज्यादा भीड़ बढ़ सकती है। बृहस्पतिवार को स्टेट बैंक के साथ-साथ नगर के अन्य बैंकों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बैंकों में बहरहाल कैश की कमी नहीं है। फिलहाल बैंकों में सामान्य स्थिति नहीं है, क्योंकि भुगतान की राशि कम होने से सभी लोग परेशान हैं।
पुराने नोट जमा करने की आज अंतिम तिथि
पिथौरागढ़। प्रचलन से बाहर हो चुके 500 के नोटों को जमा करने की शुक्रवार को अंतिम तिथि है। 1000 के नोट जमा करना पहले ही बंद हो गया था। बृहस्पतिवार को स्टेट बैंक में 500 के पुराने नोट जमा हुए। यह रकम 10 लाख रुपए के करीब रही। शुक्रवार को यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार शाम को पुराने नोटों के जमा होने का सही आंकड़ा सामने आ जाएगा।
भुगतान की राशि बढ़ाने का आदेश नहीं
पिथौरागढ़। स्टेट बैंक के रोकड़ अधिकारी कन्हैया लाल ने बताया कि बैंकों को भुगतान की राशि बढ़ाने संबंधी कोई आदेश नहीं मिला है। जब तक कोई नया आदेश नहीं आ जाता, बैंक सप्ताह में अधिकतम 24 हजार रुपए का भुगतान देंगे और एटीएम से भी अधिकतम 2500 रुपए की निकलेंगे। बैंक नए आदेश की प्रतीक्षा में हैं।
31 से बैंक कर्मियों को मिलेगी सहूलियत
पिथौरागढ़। महात्मा गांधी मार्ग स्थित अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक में भी पुराने नोट को जमा करने की गति कम होने लगी है। बैंक के शाखा प्रबंधक मोहन बिष्ट ने बताया कि 31 दिसंबर के बाद बैंक के कर्मचारियों को काम करने में सहूलियत होगी। क्योंकि 500 के पुराने नोट जमा होने बंद हो जाएंगे। अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक के एकमात्र एटीएम में 2000 के नोट को डालने की कैबिनेट अभी तक नहीं लग पाई है। इसीलिए इस एटीएम से 500 और 100 के ही नोट निकल रहे हैं, परंतु कभी-कभी इन 500 के नए नोट और 100 के नोटों की कमी होने पर दिक्कत भी हो रही है।
पचास दिन पूरे होते ही डीडीहाट में कैश समाप्त
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पचास दिन पूरे होते जिस परेशानी के दूर होने की बात कही जा रही थी, यहां पर उसका उल्टा असर हुआ है। डीडीहाट स्टेट बैंक में कैश पूरी तरह समाप्त हो गया है। स्टेट बैंक के तीनों एटीएम बंद हो गए हैं। अन्य बैंकों के पास भी कैश की भारी कमी हो गई है। बैंकों से भुगतान न मिलने के कारण ग्राहक वापस लौटने लगे हैं। स्टेट बैंक के प्रबंधक आरएस भौत ने बताया कि जमा राशि में से ही लोगों को थोड़ा सा भुगतान दिया जा रहा है। इस समय बैंक किसी भी खाताधारक को पांच हजार रुपए तक दे पाने की स्थिति में नहीं है। यहां पर अब भारी अफरा-तफरी मचने वाली है। नया साल और नया महीना शुरू होने वाला है, लेकिन लोगों के पास घर का खर्च चलाने के लिए भी पैसा नहीं है। डीडीहाट स्टेट बैंक में ग्रामीण अंचलों के 16 बैंकों की चेस्ट ब्रांच है। जब चेस्ट ब्रांच में ही पैसा नहीं है तो अन्य बैंकों तक पैसा पहुंचने का सवाल ही पैदा नहीं होता। डीडीहाट स्टेट बैंक में सैकड़ों पेंशनरों, व्यापारियों, कर्मचारियों के खाते हैं। सभी को अब कठिनाई होने लगी है। बैंक के अधिकारियों ने बताया कि रिजर्व बैंक से अब तक कैश नहीं मिला है, जबकि 82 करोड़ रुपए की डिमांड नोटबंदी के दिन ही दे दी गई थी।