{"_id":"57126eff4f1c1bb9674a6b29","slug":"forest-department-have-failed-women-took-over-command","type":"story","status":"publish","title_hn":"वन महकमा नाकाम तो महिलाओं ने संभाली कमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वन महकमा नाकाम तो महिलाओं ने संभाली कमान
ब्यूरो/अमर उजाला, नाचनी
Updated Sat, 16 Apr 2016 10:27 PM IST
विज्ञापन
महिलाओं ने संभाली कमान
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वन महकमा जंगलों की आग बुझाने में नाकाम साबित हो रहा है, नतीजतन जंगल लगातार जलते जा रहे हैं। धुंध से वातावरण दूषित हो रहा है। ऐसे में भैंसखाल और रसियाबगढ़ की महिला वन पंचायतों ने जंगलों को आग से बचाने की जिम्मेदारी खुद उठा ली है। फायर सीजन में वनों की रक्षा के लिए दो चौकीदार नियुक्ति किए हैं, जो वनों को आग से तो बचाएंगे ही, जंगलों में आग लगाने वालों को भी धर दबोचेंगे। वन पंचायतों के फैसले की जानकारी पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी को दे दी गई है। साथ ही आग लगाने वालों को दंड देने की मांग की है।
विज्ञापन
भैंसखाल ग्राम पंचायत की प्रधान चंद्रकला दानू की पहल पर बुलाई गई दोनों महिला वन पंचायतों की बैठक में ग्राम प्रधान ने आग से जंगलों को हो रहे नुकसान पर गहरी चिंता जताई। कहा कि आग से जंगल तो बचेंगे नहीं, पानी और भूस्खलन का संकट आ जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत के लोगों से अपने जंगलों की रक्षा स्वयं करने का संकल्प लेने की अपील की। वन पंचायत भैंसखाल की सरपंच द्रोपदी देवी, रसियाबगड़ की सरपंच तुलसी देवी ने कहा कि बारातोली, सुखतोली और गटघोरगाड़ी में चारागाह बनाने के लिए वनों में आग लगाई जा रही है। इन गांवों के लोग शाम होने के बाद आग लगा रहे हैं ताकि कोई बुझा न पाए, लेकिन भैंसखाल की महिलाओं ने 10, 13 और 15 अप्रैल को वनों में लगी आग को रात 11 बजे जाकर बुझाया है।
विज्ञापन
महिलाओं में वन विभाग के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा था। कहा कि वन विभाग के लचीले रवैये का पहले से पता होता तो वनों को इतना नुकसान नहीं पहुंचता। महिलाओं ने वनों की सुरक्षा का जिम्मा स्वयं लेने का निर्णय लिया। तय हुआ कि 15 जून तक जंगलों की रक्षा के लिए दो चौकीदार तैनात किए जाएंगे। चौकीदारों को प्रत्येक परिवार सौ-सौ रुपये वसूलकर मानदेय दिया जाएगा। चौकीदार आग लगाने वालों के खिलाफ प्रमाण भी जुटाएंगे। उनकी फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी की जाएगी। बता दें कि भैंसखाल और रसियाबगढ़ वन पंचायतों को छह माह पूर्व महिला वन पंचायत का दर्जा मिला है।
विज्ञापन
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख जशोदा पांगती, उप प्रधान अनिता देवी, बिमला देवी, ज्योति देवी, दीपा देवी, पार्वती देवी, गांगुली देवी, गंगा देवी, हेमा देवी, नीरू देवी, निर्मला देवी, खीमा देवी, कलावती देवी, आनंदी देवी आदि महिलाएं मौजूद थीं।
जंगल में आग लगाने वालों की हुई पहचान
वन पंचायत सरपंचों ने बीते 13 अप्रैल की शाम को बारातोली के पास के जंगल में आग लगाने वाले दो व्यक्तियों की पहचान करने का दावा किया है। भैंसखाल की ग्राम प्रधान के साथ ही भैंसखाल और रसियाबगढ़ वन पंचायत के सरपंचों ने डीएम और नाचनी थाने के साथ ही वन विभाग को इस संबंध में शिकायती पत्र भेजा है। कहा है कि बारातोली के कुछ लोगों ने इन दो लोगों को आग लगाते हुए देखा है। गांव के लोगों ने आग लगाने से मना भी किया था। प्रभारी थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह पांगती का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। शिकायत सही पाई जाती है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।