फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Pithoragarh News ›   Drinking water in Pithoragarh will be far away from Lake Tharkot

थरकोट झील से दूर होगी पिथौरागढ़ की पेयजल किल्लत

Wed, 14 Nov 2018 10:45 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़ Updated Wed, 14 Nov 2018 10:45 PM IST
विज्ञापन
Drinking water in Pithoragarh will be far away from Lake Tharkot
पिथौरागढ़ में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रस्तावित थरकोट झील से पिथौरागढ़ नगर की पेयजल किल्लत दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि गंगोलीहाट, डीडीहाट, चंपावत और पाटी में डॉक्टरों के आवास के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक हॉस्टल के लिए 5.22 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता संभालते ही उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टालरेंस की बात कही थी, जिसके फलस्वरूप 55 से अधिक लोग भ्रष्टाचार के आरोप में जेल पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि निकाय क्षेत्र में जिन गांवों को शामिल किया गया है, उन गांव से आगामी 10 साल तक हाउस टैक्स नहीं लिया जाएगा।

विज्ञापन


निर्धारित समय पर पहुंचे मुख्यमंत्री रावत ने बुधवार दोपहर 12.35 बजे पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में पालिकाध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह रावत के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पानी की कमी दूर करने के उद्देश्य से ही 15 लाख आबादी वाले देहरादून में तीन बांधों का निर्माण किया जा रहा है। दो साल के भीतर देहरादून के लोगों को 24 घंटे पानी मिलेगा। इसी तरह 65 हजार की आबादी वाले पिथौरागढ़ नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए थरकोट में झील का निर्माण किया जाना है। थरकोट झील बनने से पिथौरागढ़ के पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पिथौैरागढ़ की अधूरी सीवर लाइन का काम जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था अहम है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा पिथौरागढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मोस्टामानू में टूरिस्ट डेस्टीनेशन के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने पिथौरागढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए अहम कदम उठाए हैं। जिला अस्पताल में आईसीयू की स्थापना की है। जिला अस्पताल में सारे डॉक्टर उपलब्ध हैं। सभी डिग्री कॉलेजों में प्राचार्यों की तैनाती सरकार ने की है। एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू कर प्रदेश भर में एक जैसी शिक्षा देने का काम किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव को छोटी सरकार का चुनाव बताते हुए कहा कि निकाय में भाजपा का कब्जा होगा तो अंकुश रहेगा। उन्होंने नगरपालिका और नगर निगमों के विस्तार पर कहा कि बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से निकायों का विस्तार किया गया। लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन बाद में उन्हें समझ में आया कि विरोध गलत था।

वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि भाजपा ने पिछले कार्यकाल में गरीबों को आवास देने का काम किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने निकाय का बजट बढ़ाया है। पार्टी प्रत्याशी राजेंद्र रावत ने कहा कि नगर में व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। कहा कि यदि वह जीतते हैं और सीवर लाइन का काम पूरा कराएंगे। नहीं करा पाए तो आगे से चुनाव नहीं लड़ेंगे। सभा को डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, ललित पंत, स्वामी वीरेंद्रानंद, महेंद्र सिंह लुंठी, गिरीश जोशी, गणेश भंडारी, राजेश शर्मा आदि ने विचार रखे। संचालन जिला महामंत्री महिमन कन्याल ने किया। सीएम रावत 1.40 बजे अल्मोड़ा को रवाना हो गए।

ट्रायल लैंडिंग की तो क्या अपराध कर दिया : सीएम
पिथौरागढ़। 8 अक्तूबर को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए जिस हवाई सेवा का शुभारंभ किया था, बुधवार को मुख्यमंत्री रावत ने उसे महज ट्रायल लैंडिंग बताया। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने हवाई सेवा की ट्रायल लैंडिंग कराई तो क्या अपराध कर दिया। उन्होंने कहा हवाई सेवा शुरू कराने में कुछ दिक्कतें आई हैं, जिन्हें दूर किया जा रहा है। पिथौरागढ़ से जल्द ही सस्ती हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक प्रकाश पंत ने कहा कि चुनाव के बाद पिथौरागढ़ की नैनीसैनी हवाई पट्टी से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी।

राजनीतिक जुगलबंदी का अखाड़ा बना पिथौरागढ़
पिथौरागढ़। जिला सैनिक कल्याण परिषद के सदस्य एवं पूर्व सैन्य शिक्षाधिकारी नरेंद्र चंद ने हवाई सेवा शुरू न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीमांत जिला राजनीतिक जुगलबंदी का अखाड़ा बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ के नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने का आश्वासन 25 साल से मिल रहा है, लेकिन उड़ान शुरू नहीं हो रही है।


हवाई सेवा पर कांग्रेस ने साधा निशाना
पिथौरागढ़। पालिकाध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी जगत सिंह खाती के चुनाव अभिकर्ता दीपक तिवारी दीनू ने हवाई सेवा के उद्घाटन को ट्रायल लैंडिंग बताने को सीमांत की जनता का अपमान बताया। कहा कि 8 अक्तूबर को देहरादून और पिथौरागढ़ में हवाई सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम हुए। अब मुख्यमंत्री उसे ट्रायल लैंडिंग बता रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ट्रायल लैंडिंग का केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन करते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed