पिथौरागढ़। बंगापानी तहसील की समस्याओं को लेकर लोगों ने पांच सूत्री मांगों को पूरा कराने के लिए जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पिछले लंबे समय से वह मांगों को लेकर आंदोलन करते आ रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं किया गया है।
एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सोमवार को धरना स्थल टकाना में एकत्र होकर शासन प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों ने बंगापानी-आलम-दारमा मोटर मार्ग का निर्माण, बरम की भवानी देवी को कृषि योग्य भूमि का मुआवजा, पत्थरकोट ग्रामसभा के 30 परिवारों के लिए सुरक्षा दीवार बनाने, पत्थरकोट की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को सुधारने और क्षेत्र में ध्वस्त पैदल मार्गों के निर्माण की शीघ्र मांग की। जिला उपाध्यक्ष विक्रम ने कहा कि दो सप्ताह के भीतर समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरना, प्रदर्शन में भवानी देवी, पूर्व यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा, युवा मंगल दल अध्यक्ष फाफा सुरेंद्र पाना, सोनू कुंवर, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष हरीश प्रसाद, डिगर, खगेंद्र, राजू, बलवंत, मंगल, धर्मेंद्र, विक्की, गोविंद कुंवर आदि रहे।