Pithoragarh News: दो साल की पोती को लेकर बैसाखी मेला देखना गई थी दादी, पहाड़ी पर मिले दोनों के शव
दादी और पोती के देर रात तक मेले से घर नहीं लौटने पर दार्चुला पुलिस को सूचना दी गई। दार्चुला पुलिस की गठित टीम ने सभी जगह दादी और पोती की फोटो संभावित क्षेत्रों में ह्वाट्सएप पर प्रसारित की। खोजबीन के बाद दूसरे दिन शनिवार को नजदीकी सुंगर की पहाड़ी में दोनों के शव मिले।
विस्तार
नेपाल के दार्चुला जिले के गोल्जर पांखू निवासी एक महिला और उसकी दो वर्षीय पोती की पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई है। इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार दार्चुला जिले के मार्मा गांव पालिका एक घोल्जर निवासी कटुमा ठगुन्ना (51) अपनी पोती सोनिया (02) को लेकर शुक्रवार को बैसाखी मेला देखने के लिए गई थी।
शुक्रवार देर रात तक मेले से घर वापस नहीं लौटने पर इसकी सूचना दार्चुला पुलिस को दी गई। दार्चुला पुलिस की गठित टीम ने सभी जगह दादी और पोती की फोटो संभावित क्षेत्रों में ह्वाट्सएप पर प्रसारित की। खोजबीन के बाद दूसरे दिन शनिवार को नजदीकी सुंगर की पहाड़ी में दोनों के शव मिले। पुलिस टीम ने शवों को निकाल कर नजदीकी लटीनाथ स्वास्थ्य चौकी पहुंचाया। पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। दार्चुला पुलिस घटना की जांच कर रही है।
काली नदी में मिला अज्ञात महिला का शव
काली नदी में शव दिखाई देने से सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।रविवार को अंतरराष्ट्रीय झूलापुल से 200 मीटर ऊपर लोगों ने नदी में शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र जोशी को दी। इस पर एसएसबी, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को किनारे लाकर पुलिस को सौंपा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: बाघ के आतंक को देखते हुए पौड़ी के कई गांवों में लगा कर्फ्यू, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
थाना प्रभारी जोशी ने बताया कि अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास होगी। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इस मौके पर एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल सुनील चंद, खेमराज, दीपक कापड़ी, संतोष सिंह, जितेंद्र मौजूद रहे।