बीएसएनएल से निराश, अब निजी कंपनियों से आस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएसएनएल की सेवाओं से परेशान हो चुके व्यापारियों ने अब निजी संचार कंपनियों के टावर लगाने के लिए आंदोलन छेड़ने का एलान किया है। रविवार को यहां हुई व्यापार मंडल की बैठक में कहा गया कि एक साल से धारचूला में आइडिया कंपनी का टावर खड़ा है, लेकिन उसे चालू करने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। कहा गया कि जब तक निजी कंपनी का टावर नहीं लगेगा, तब तक यहां के लोगों को संचार की सुविधा नहीं मिल सकती। बीएसएनएल की सेवाओं ने पिछले दस साल में उपभोक्ताओं को परेशान कर रखा है। बीएसएनएल पर आंदोलनों का भी असर नहीं पड़ा। ऐसे में इस संचार कंपनी से अब कोई अपेक्षा रखना ही गलत है।
बैठक में आर्मी तिराहे से मुख्य बाजार तक सड़क की खराब दशा पर चिंता जताई गई। इस मामले में बीआरओ के अधिकारियों से बात करने का फैसला लिया गया। नगर में लावारिस पशुओं एवं सफाई की समस्या को लेकर नगरपालिका के अधिकारियों से बात की जाएगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि नगर की समस्याओं को लेकर अब प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा। बैठक में नवीन खर्कवाल, जगदेव डोगरा, भीम सिंह रावत, प्रकाश गुंज्याल, राजेश कुटियाल, लक्ष्मण कौशल, पूरन लाल आदि व्यापारी थे। निजी कंपनियों की सेवा तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा को ज्ञापन भी भेजा गया।