{"_id":"683355b7fdc4d7aa4b0e2b59","slug":"winning-medals-at-international-level-in-power-lifting-now-dreaming-of-going-to-olympics-shrinagar-news-c-5-1-gkp1010-699647-2025-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pauri News: पॉवर लिफ्टिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत रहे मेडल, अब ओलंपिक जाने का सपना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Pauri News: पॉवर लिफ्टिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत रहे मेडल, अब ओलंपिक जाने का सपना
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रीनगर। पॉवर लिफ्टिंग जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में क्षेत्र के युवा दम दिखा रहे हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताएं जीतकर युवाओं ने परचम लहराया है। देश एवं विदेशों के मंच पर अपनी छाप छोड़ रहे यह युवा अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। श्रीनगर निवासी भाई-बहन सहित इन युवाओं ने पॉवर लिफ्टिंग में अपनी मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया। वह ओलंपिक में देश के लिए मेडल लाने की तमन्ना रखते हैं।श्रीनगर निवासी व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष वासुदेव कंडारी के 20 वर्षीय पुत्र आर्यन कंडारी महज 13 साल की उम्र में ही पॉवर लिफ्टिंग के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने लगे। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में वह कई पदक प्राप्त कर चुके हैं। इसी महीने 11 मई को आर्यन ने दिल्ली में राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता। इससे पूर्व किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित पॉवर लिफ्टिंग एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड जीता। नेशनल में 3 गोल्ड एवं स्टेट लेबल पर आर्यन ने 4 बार गोल्ड जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।16 वर्षीय आकृति कंडारी आर्यन कंडारी की छोटी बहन हैं। अपने भाई की सफलता को देखते हुए वह भी पॉवर लिफ्टिंग खेल में आईं। आकृति ने 2 बार स्टेट के लिए गोल्ड और एक बार नेशनल लेबल पर गोल्ड जीता। गत वर्ष आर्म रेसलिंग की ऐशियन चैंपियनशिप में आकृति तीसरे स्थान पर रहीं। आकृति का अपने भाई के साथ ओलपिंक में देश के लिए मेडल लाने का सपना है। इस खेल में आगे बढ़ने की चाह रखने वाली अन्य लड़कियों को आकृति प्रशिक्षण भी दे रही हैं।होटल व्यवसायी दीपक नौटियाल के 20 वर्षीय पुत्र देवांश नौटियाल राष्ट्रीय स्तर की पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में तीन गोल्ड और एक सिल्वर जीत चुके हैं। सेंट पीटरबर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोलिंग थंडर में प्रतिभाग करने वाले वह इंडिया के पहले एथलीट बन चुके हैं। रसिया में आयोजित पॉवर लिफ्टिंग की वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने तीन गोल्ड जीते। किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में वह पहले स्थान पर रहे। वह ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं को सरकार की ओर से अधिक सपोर्ट किया जाना चाहिए।पौड़ी निवासी 29 वर्षीय रजत रावत पिछले 15 सालों से पॉवर लिफ्टिंग से जुड़े हैं। कई वर्षों की अथक मेहनत के बाद रजत ने हाल ही में बेस्ट पॉवर लिफ्टर ऑफ इंडिया 2025 का खिताब अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्होंने कई मेडल जीते हैं। इसी साल फरवरी में पंजाब में खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित 105 किलो ग्राम वर्ग में रजत ने नेशनल सीनियर क्लासिक पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता। सर्वाधिक जीएल प्वाइंट्स के साथ वह भारत के सर्वोच्च रैंक वाले पॉवर लिफ्टर हैं। उन्होंने बताया कि वह एशियन चैंपियशनशिप और वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे हैं। संवाद