गढ़वाल मंडल में शिक्षा विभाग के 118 कनिष्ठ सहायकों को हरेला पर विभाग ने पदोन्नति का तोहफा दिया है। अपर निदेशक प्राथमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल एसपी खाली ने पदोन्नति आदेश जारी किया है। इनमें सबसे ज्यादा कर्मचारी पौड़ी जिले को मिले हैं। सबसे कम एक कर्मचारी हरिद्वार जिले को मिला है। अपर निदेशक खाली ने पदोन्नत कर्मचारियों को 15 दिन के भीतर नवीन स्थल पर तैनाती के निर्देश दिए हैं।
गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी में अपर निदेशक प्राथमिक शिक्षा एसपी खाली ने काउंसिलिंग के बाद कर्मचारियों की पदोन्नति का आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग में सेवारत 118 कनिष्ठ सहायकों को वरिष्ठ सहायक बनाया गया है। पदोन्नति के बाद मंडल के जनपद चमोली को 22 वरिष्ठ सहायक, उत्तरकाशी व रुद्रप्रयाग को 12-12, पौड़ी को सबसे ज्यादा 37, टिहरी को 32, देहरादून को 2 और हरिद्वार को 1 वरिष्ठ सहायक मिला है। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा व मंडलीय सचिव सीताराम पोखरियाल ने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपर निदेशक एसपी खाली ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद मंडल के 118 कनिष्ठ सहायकों को वरिष्ठ सहायक बनाया गया है। समस्त कर्मचारियों को 15 दिन के भीतर नवीन स्थल पर तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।