सिरोहबगड़ में मलबे में लापता डीजल टैंकर ड्राइवर और उसके भाई का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम शनिवार को दिनभर अलकनंदा नदी में टैंकर और लापता लोगों की तलाश करती रही। वहीं, बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारु रहा।
बृहस्पतिवार देर रात पौड़ी और रुद्रप्रयाग की सीमा में सिरोहबगड़ क्षेत्र में बादल फटने से बदरीनाथ हाईवे पर मलबे की बाढ़ आ गई। यहां लगभग एक किलोमीटर के दायरे मेें जगह-जगह मलबे के ढेर लग गए। तीन वाहन मलबे में फंस गए, जबकि एक डीजल टैंकर मलबे में लापता हो गया। टैंकर में ड्राइवर महिपाल और उसका सगा भाई मोनू कुमार पुत्र संतराम निवासी खीजरपुर जग्गूवाला (नगीना बिजनौर) सो रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि टैंकर मलबे के साथ अलकनंदा नदी में बह गया। कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि दो दिन से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम टैंकर और इसमें सवार लोगों की तलाश कर रही है। नदी में कांटा डालकर टैंकर ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।