गढ़वाल विवि ने वर्ष 2019 व 2020 की परीक्षा में नकल/ अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) करते हुए पकड़े गए परीक्षार्थियों का परीक्षाफल घोषित कर दिया है। 13 परीक्षार्थियों की सेमेस्टर परीक्षा निरस्त की गई है। जबकि समिति के निर्णयानुसार 13 परीक्षार्थियों का कड़ी चेतावनी के बाद परीक्षाफल घोषित किया गया है। हालांकि किसी को भी एक साल तक परीक्षा से वंचित नहीं किया गया है।
गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरुण रावत ने बताया कि वर्ष 2019 और 2020 में 46 परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़े गए थे। कुलपति ने उक्त प्रकरणों के निस्तारण के लिए समिति गठित की थी। समिति ने सभी प्रकरणों का निस्तारण कर दिया है। जो परीक्षार्थी यूएफएम से दोषमुक्त हुए हैं, उनके अंक पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। जो परीक्षार्थी दोषमुक्त नहीं हुए, उनकी सूचना विवि की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। प्रो. रावत ने बताया कि समिति के निर्णयानुसार 13 परीक्षार्थियों का कड़ी चेतावनी के बाद परीक्षाफल घोषित किया गया है। जबकि 20 परीक्षार्थियों की यूएफएम वाली प्रथम उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन को निरस्त कर दूसरी उत्तर पुस्तिका के अंक देकर कड़ी चेतावनी के साथ परीक्षाफल घोषित किया गया है। 13 परीक्षार्थियों का संबंधित वर्ष/सेमेस्टर परीक्षाफल निरस्त कर दिया गया है।