पूर्व सैनिकों ने नगर पालिका की वादाखिलाफी पर रोष जताया है। उनका कहना है कि पालिका ने पार्क के लिए पूर्व सैनिक सेवा कल्याण समिति श्रीकोट को आवंटित जमीन ले ली। इसके एवज उनको आश्वासन के बावजूद दूसरे स्थान पर जमीन नहीं दी गई। पूर्व सैनिकों ने शीघ्र भूमि आवंटन न होने पर पालिका कार्यालय मेें तालाबंदी का एलान किया है।
बुधवार को पूर्व सैनिक सेवा कल्याण समिति श्रीकोट के सदस्यों ने नपा अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी से वार्ता की। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के दौर में संगठन के ऑफिस के लिए विद्या मंदिर के समीप भूूमि आवंटित की गई थी। पालिका में शामिल होने के बाद उक्त भूमि को पार्क निर्माण के लिए अधिग्रहीत कर दिया गया। भूमि लेते समय कहा गया था कि दूसरे स्थान पर संगठन को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब पालिका संगठन के प्रस्ताव को नकार रही है। सदस्यों ने कहा कि पालिका शीघ्र संगठन के ऑफिस के लिए भूमि उपलब्ध कराए। वार्ता में समिति के अध्यक्ष दर्शन सिंह भंडारी, प्रेम मलासी, जगमोहन सिंह, जगदीश भट्ट, उदय सिंह, बलदेव, गिरीश चमोली व पीपी चमोली शामिल रहे। इधर, नपा अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी ने बताया कि पूर्व मेें संगठन के लिए जमीन आवंटित की गई थी, लेकिन वहां खेल स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। अब दूसरी जगह जमीन दी जाएगी। इसके लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाएगा।