प्रसिद्घ पर्यटन स्थल खिर्सू में होम स्टे योजना से जुड़ने के लिए 10 परिवारों ने हामी भर दी है। योजना को लेकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पहाड़ी, इंडियन व चाइनीज व्यंजन बनाने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। खिर्सू में जल्द ही पर्यटन को होम स्टे के रुप में नया डेस्टीनेशन देखने को मिलेगा। जो ग्रामीणों की आर्थिकी को मजबूत बनाएगा।
ब्लाक मुख्यालय खिर्सू के जीएमवीएन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में अल्मोड़ा से आए मास्टर ट्रेनर रमेश ने महिलाओं को विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाने की विस्तार से जानकारी दी। कहा गया कि प्रशिक्षित महिलाएं ही होम स्टे का संचालन भी करेंगी। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी वेदप्रकाश ने बताया कि होम स्टे योजना से जुड़ने के लिए 10 परिवारों ने हामी भर दी है। जिनके भवनों को जल्द ही होम स्टे मॉडल के रुप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की पहल पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम में घंडियाल स्वयं सहायता समूह तथा जागृति स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रशिक्षण ले रही हैं। साथ ही कुछ स्थानीय व्यवसायी भी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी खिर्सू रामेश्वर सिंह चौहान, डीएसटीओ निर्मल शाह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संपत सिंह रावत, होम स्टे विशेषज्ञ प्रशांत बिष्ट, इंदू देवी, सतेश्वरी देवी, रचना रावत, रजनी देवी, आशा देवी, मुकेश रावत, संतोषी देवी, पिंकी देवी, विजेंद्र सिंह आदि शामिल थे।