{"_id":"f14b1fe5f8b9891d24a2aee10e891dc6","slug":"uttarakhand-commerce-service-union-elections-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"उत्तराखंड वाणिज्य कर सेवा संघ का चुनाव ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उत्तराखंड वाणिज्य कर सेवा संघ का चुनाव
ब्यूरो /अमर उजाला, रामनगर (नैनीताल)।
Updated Sat, 12 Dec 2015 12:48 AM IST
विज्ञापन
उत्तराखंड वाणिज्य कर सेवा संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस दौरान हुए संघ के चुनाव में तीन पदों पर मतदान हुआ, जबकि तीन पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारी चुने गए। जिसमें यशपाल सिंह अध्यक्ष, भुवन चंद्र पांडे महासचिव और जीशान मलिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
विज्ञापन
शुक्रवार को ढिकुली स्थित एक रिसोर्ट में साढ़े दस बजे से तीन बजे तक मतदान हुआ। तीन बजे से चार बजे तक मतगणना हुई। चुनाव में 307 मतदाताओं में से 227 ने अपने मत का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर काशीपुर के डिप्टी कमिशनर यशपाल सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुनीता पांडे को 36 मतों से मात दी। यशपाल को 130 और सुनीता को 94 वोट मिले, जबकि तीन मत निरस्त हुए।
विज्ञापन
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर वाणिज्य कर अधिकारी हल्द्वानी जीशान मलिक ने अपने दोनों प्रतिद्वंद्वी को 75 वोटों से हराया। मलिक को कुल 125 मत मिले, जबकि नितिन कुमार विश्वकर्मा और टीएस नेगी को 50-50 वोट पर संतोष करना पड़ा। जबकि दो वोट निरस्त हो गए।
विज्ञापन
कनिष्ठ उपाध्यक्ष रुड़की के वाणिज्यकर अधिकारी एलपी पुरोहित निर्विरोध चुने गये। महासचिव पद पर पांच अधिकारियों ने अपनी किस्मत आजमाई जिसमें रुद्रपुर के असिस्टेंट कमिश्नर भुवन चंद्र पांडे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी धर्मवीर सैनी को 53 मतों से हराया। इसमें पांडे को 103 मत, धर्मवीर सैनी को 50 मत, जयदीप सिंह रावत को 30 मत, अवदेश कुमार पांडे को 28 मत तथा संजीव कुमार त्रिपाठी को नौ मतो पर संतोष करना पड़ा। इस पद पर भी एक वोट निरस्त हुआ।
कोषाध्यक्ष पद पर देहरादून के वाणिज्यकर अधिकारी चंद्रप्रकाश शर्मा की निर्विरोध ताजपोशी हुई। संयुक्त सचिव पद पर चार लोग निर्विरोध निर्वाचित हुए, जिसमें वाणिज्य कर अधिकारी रुद्रपुर ब्रजमोहन जोशी, देहरादून के रविंद्र बसेड़ा, काशीपुर के मितेश्वर आनंद, हरिद्वार के दिनकर गुप्ता सर्वसम्मति से चुने गए। ऑडिटर पद पर देहरादून के वाणिज्यकर अधिकारी मदन अग्रवाल को चुना गया।
चुनाव अधिकारी रिटायर्ड वाणिज्य कर अधिकारी गोपाल सिंह सैनी और सहायक चुनाव अधिकारी वाईके सनवाल थे। आयोजन को सफल बनाने में विपिन चंद्रा, अनिल सिंह, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, विनय प्रकाश ओझा, निखिलेश श्रीवास्तव, अशोक कुमार, एसएस जंगपांगी, सुनीता पांडे ने सहयोग दिया।
वहीं अध्यक्ष पद के नवनियुक्त यशपाल सिंह ने सभी का आभार जताते हुए संघ की एकता को मजबूत करने के साथ ही कहा सभी के अच्छे सुझावों पर अमल किया जाएगा। नई कार्यकारिणी हमेशा संघर्ष के लिये तत्पर रहेगी। मुख्य चुनाव अधिकारी गोपाल सिंह सैनी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।