Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Uproar at Uttarakhand Foundation day in haldwani

वर्षगांठ समारोह में हंगामा: आंदोलनकारियों ने लगाया समय से सूचना न देने का आरोप, दो ने किया बहिष्कार

Tue, 10 Nov 2026 11:35 AM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी Published by: Heera Updated Tue, 10 Nov 2026 11:35 AM IST
सार

उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह में राज्य आंदोलनकारियों ने समय से सूचना न देने का आरोप लगाकर हंगामा किया। दो आंदोलनकारियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया।

विज्ञापन
Uproar at Uttarakhand Foundation day in haldwani
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एमबीपीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समय से सूचना न दिए जाने प - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में राज्य आंदोलनकारी भड़क गए। उन्होंने प्रशासन पर कार्यक्रम की समय से सूचना नहीं देने का आरोप लगाया। इसे लेकर देर तक हंगामा होता रहा। इस दौरान दो राज्य आंदोलनकारियों ने कार्यक्रम बहिष्कार किया और समारोह कक्ष से बाहर निकल गए।

विज्ञापन

स्थानीय प्रशासन की ओर से सोमवार को एमबीपीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में दायित्वधारी हुकुम सिंह कुंवर का संबोधन चल रहा था तभी दर्शक दीर्घा में मौजूद राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह बिष्ट, हेमंत बगड्वाल, सुरेंद्र रौतेला ने कार्यक्रम की सूचना समय पर न दिए जाने को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि जिनके लिए यह कार्यक्रम हो रहा है, उन्हें ही इसकी सूचना नहीं दी गई। इसे देर तक बहस होती रही। इससे माहौल गरमा गया। उन्होंने इसे आंदोलनकारियों का अपमान बताया। आंदोलनकारी बगड्वाल का कहना था कि उन्हें तो आमंत्रण ही नहीं भेजा गया। इस बीच आंदोलनकारी बिष्ट और बगड्वाल समारोह का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। बाद में उन्होंने बुद्ध पार्क में आतिशबाजी कर राज्य स्थापना दिवस मनाया।

विज्ञापन

शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित, डिजिटल आईडी कार्य बांटे
सम्मान समारोह के दौरान प्रशासन ने राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सभी ने राज्य आंदोलन के शहीदों की शहादतों को याद करते हुए नमन किया। समारोह में दायित्वधारी डाॅ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, केदार पलडिया ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान पूर्व विधायक डा. नारायण सिंह जंतवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। में राज्य आंदोलनकारी जगमोहन चिलवाल, लक्ष्मी डंगवाल, अवतार सिंह, तरुण पंत, कैलाश साह, पंकज सुयाल, केशव दत्त, रीता फर्त्याल, अवतार सिंह, भाष्कर बृजवासी, धर्मानन्द पलडिया, हेमंत बगडवाल के अलावा नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पांडे आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

स्थायी राजधानी और राज्य के विकास पर उठे सवाल
राज्य स्थापना दिवस पर यहां बुद्ध पार्क में हुई विचार गोष्ठी में किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय और पूर्व आईएएस विनोद कुमार रतूड़ी ने राज्य निर्माण के उद्देश्यों को अधूरा बताया। कहा कि स्थायी राजधानी का प्रश्न अनसुलझा रहना राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी है। कहा कि सरकारें बदलने के बावजूद पहाड़ की मूलभूत समस्याएं आज भी बनी हुई हैं। उन्होंने राज्य निर्माण के बाद खर्च हुए बजट और विकास योजनाओं की समीक्षा की मांग की। वहां उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत, यूकेडी के भुवन जोशी आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंड के 26 साल बाद भी जनता के सपने अधूरे
साथी संगठन की विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि 26 वर्ष बाद भी जनता के सपने अधूरे हैं। मूलभूत समस्याएं जस की तस हैं। राज्य का गठन नशा, भ्रष्टाचार, पलायन और अवैध खनन के लिए नहीं हुआ था। वर्तमान में गांव खाली हो रहे हैं, युवा रोजगार की तलाश में प्रदेश छोड़ रहे हैं। कहा कि राज्य बनने का वास्तविक लाभ नेताओं और सत्ता के करीबियों को मिला है। वहां एनबी गुणवंत, जेसी पंतोला, भुवन जोशी, हिमांशु पवार, एलडी पांडे, वीसी जोशी, मोहन महरा, दिनेश पाठक आदि मौजूद रहे।

 

सपा ने कहा, उत्तराखंड के मूल मुद्दे आज भी अनसुलझे
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि राज्य गठन के मूल मुद्दे आज भी अनसुलझे हैं। सिद्दीकी ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को उत्तराखंड का हितैषी बताया। कहा कि उनके शासनकाल में पर्वतीय विकास मंत्रालय, कौशिक और बर्थवाल समितियों का भी गठन हुआ और उत्तर प्रदेश विधानसभा से राज्य गठन का प्रस्ताव भी पारित कराया। सिद्दीकी ने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी, अपराध, पलायन और बिजली की कमी चरम पर है।

 

नैनीताल में दिवंगत आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि
मंडल मुख्यालय में राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम सादगी के साथ मनाया गया। प्रशासन की ओर से नौकायन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी निरस्त कर दिया था। इसमें बीते दिनों दिवंगत हुए दो राज्य आंदोलनकारियों पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल एवं लक्ष्मी नारायण लोहनी के निधन पर दो मिनट का मौन रख शोक संवेदना व्यक्त की गई। प्राणी उद्यान मार्ग में बने शहीद स्मारक में दिवंगत प्रताप समेत अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

डीएसए मैदान में हुए कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने डॉ. नारायण सिंह जंतवाल और लक्ष्मी नारायण लोहनी को राज्य का आदर्श बताया। कहा कि दिवंगत आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम सादगी के साथ मनाया जा रहा है। उन्होेंने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। सांसद ने कहा कि चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों के साथ ही उस दौरान के संघर्ष में हर उत्तराखंडी किसी न किसी रूप में आंदोलन का हिस्सा रहा। सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान, कल्याण और समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।

स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन
सांसद अजय भट्ट और दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को साकार करने के लिए उत्पादों की जानकारी ली। भट्ट ने उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता की सराहना की। उन्होंने स्वयं भी उत्पादों की खरीदारी कर महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

 

कार्यक्रम में देरी होने पर आंदोलनकारी खफा, नारेबाजी की
मुख्य कार्यक्रम के देरी से शुरू होने से कुछ राज्य आंदोलनकारी खफा नजर आए। दोपहर 11:45 बजे मुख्य अतिथियों के पहुंचने के बाद स्टॉल के निरीक्षण में समय लगने पर आंदोलनकारी नाराज होने लगे। उन्होंने मंच पर कार्यक्रम के बहिष्कार के नारे लगाए। डाॅ. सुरेश डालाकोटी ने मंच से समय पर मुख्य कार्यक्रम शुरू न करने पर नाराजगी जताई। शोकसभा के बाद कई राज्य आंदोलनकारी वहां से चले गए। हालांकि सांसद अजय भट्ट तत्काल मंच पर पहुंचे और आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए डॉ. जंतवाल एवं लक्ष्मी नारायण लोहनी के लिए शोकसभा कर उन्होंने कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की। विरोध करने वालों में शाकिर अली, संजय कुमार संजू, हरीश वारियाल, इंदर आर्या, रईस भाई, मनमोहन कनवाल, पान सिंह सिजवाली आदि रहे।

 

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी भावना मेहरा, शांति मेहरा, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एडीएम विवेक राय, डीडीए सचिव मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खलिक, तहसीलदार अक्षय भट्ट, शिल्पी पंत, चंदा फर्त्याल समेत राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य, नितिन कार्की आदि रहे।

नेताओं ने पर्यटन का हनन कर खनन को दिया बढ़ावा : पुनीत टंडन
मां नैना देवी मंदिर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि उत्तराखंड स्थापना दिवस अब केवल फूड फेस्टिवल, सरकारी नुमाइंदों के मिलन और झूठी वाहवाही लूटने की औपचारिकता बनकर रह गया है। आरोप लगाया कि राज्य में पर्यटन की क्षमताओं का हनन कर खनन को बढ़ावा दिया गया, जिससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और युवाओं के मूल हक छीने गए। अगर शुरुआत से पर्यावरण, होमस्टे को बढ़ावा दिया जाता, तो आज पलायन की गंभीर स्थिति पैदा नहीं होती। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed