हल्द्वानी शहर के मुख्यमार्गों पर जाम: रामपुर रोड पर कतारें लंबी, मुखानी से आरटीओ तिराहे तक हालात बेकाबू
हल्द्वानी में मुख्यमार्गों पर भीषण जाम से वाहन रेंगने को मजबूर हैं और कई जगह कतारें एक किलोमीटर तक लंबी हो रही हैं। बरेली रोड, रामपुर रोड और कालाढूंगी मार्ग पर हालात खराब हैं, जिससे लोगों का कीमती समय सड़कों पर बर्बाद हो रहा है।
विस्तार
हल्द्वानी शहर की सड़कों पर जाम का झाम अब लोगों की रफ्तार पर भारी पड़ने लगा है। मुख्यमार्गों पर वाहन दौड़ने के बजाय रेंगने को मजबूर हैं और कई जगह कतारें एक किलोमीटर तक लंबी हो रही हैं। बरेली रोड और रामपुर रोड पर अलग-अलग स्थानों पर वाहन जाम में फंस रहे हैं तो कालाढूंगी मार्ग पर मुखानी चौराहे से आरटीओ रोड तिराहे तक हालात बेहद खराब बने हुए हैं। कामकाज, जरूरी सफर और रोजमर्रा की आवाजाही के लिए निकले लोगों का समय सड़कों पर ही बर्बाद हो रहा है।
रामपुर रोड और बरेली रोड पर विभागीय कार्यों के चलते सिंधी चौराहे, मंगल पड़ाव, एसटीएच के पास, देवलचौड़ चौराहे पर प्रत्येक 10-15 मिनट पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इसकी प्रमुख वजह सड़क किनारे चल रहा खोदाई कार्य है। वहीं कालाढूंगी मार्ग पर मुखानी चौराहे से लेकर आरटीओ रोड तिराहे तक लोग भीषण जाम से जूझ रहे हैं। करीब एक किमी तक वाहन जाम में फंसकर निकल रहे हैं। लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही महिला अस्पताल और रोडवेज बस अड्डे के पास वाहन चालकों की मनमानी मुसीबत बन रही है।
विभागीय कार्यों के चलते दो प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति हो रही है। महिला अस्पताल और बस अड्डे के पास ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन बसों की आवाजाही की वजह से समय-समय पर जाम लग जाता है। -डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम, नैनीताल