फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Traders surrounded the administration-corporation team that went to remove encroachment on complaint received on CM portal.

Nainital News: सीएम पोर्टल पर आई शिकायत पर अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन-निगम की टीम को व्यापारियों ने घेरा

Mon, 06 Nov 2023 02:04 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल Updated Mon, 06 Nov 2023 02:04 AM IST
विज्ञापन
Traders surrounded the administration-corporation team that went to remove encroachment on complaint received on CM portal.
हल्द्वानी बाजार में प्रशासन व नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान जप्त किए गए सामान को
हल्द्वानी। सीएम पोर्टल और व्यापारियों की ओर से की गई अतिक्रमण की शिकायत पर बाजार क्षेत्र में सड़क तक सजी दुकानें हटाने पहुंचीं सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम और पुलिस की टीम को व्यापारियों ने घेर लिया और अभद्रता भी की। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमे व्यापारी आपे से बाहर नजर आ रहे हैं। इस बीच बाजार में दो घंटे तक हंगामा हुआ। एक व्यापारी के फोन पर मौके पर पहुंचे मेयर प्रशासन और नगर निगम का पक्ष लेने के बजाय व्यापारियों का समर्थन करते दिखे। उन्होंने मेयर ने व्यापारियों का सामान तुरंत छोड़ने के निर्देश सहायक नगर आयुक्त को दिए। साथ ही अतिक्रमण हटाने गई टीम को वापस भेज दिया।
विज्ञापन



बाजार में व्यापारियों ने सड़क तक दुकानों का सामान सजा रखा है। भीड़ अधिक होने के कारण बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसे लेकर सीएम हेल्पलाइन पर 15 से 20 शिकायतें आईं थीं। उधर, एक व्यापार मंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को भी ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने का निवेदन किया था। इसके बाद रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह नगर निगम और पुलिस अधिकारियों के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचीं। टीम ने कालाढूंगी चौराहे से चौक बाजार की ओर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इस दौरान छह व्यापारियों का सड़क पर रखा सामान जब्त कर लिया गया। टीम जब कपूर कलेक्शन के पास पहुंची तो टीम ने यहां भी रखा सामान गाड़ी में डाल लिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि एक व्यापारी ने सत्ता की जमकर धमक दिखाई और उसने मेयर जोगेंद्र रौतेला को फोन कर दिया। इस बीच व्यापारियों की सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह और सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट से तीखी बहस हुई। व्यापारी नगर निगम की गाड़ी के आगे खड़े होकर हंगामा करने लगे। कुछ व्यापारी सड़क पर बैठ गए। हंगामा बढ़ता देख सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने पुलिस फोर्स बुला ली लेकिन व्यापारियों ने टीम को जाने नहीं दिया। इसी बीच मेयर जोगेंद्र रौतेला मौके पर पहुंचे उन्होंने नगर निगम की टीम को सामान छोड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने एक व्यापारी का जब्त किया सामान भी छोड़ दिया।
विज्ञापन




सिटी मजिस्ट्रेट बोलीं - सामान लूटा तो छोडूंगी नहीं

हल्द्वानी। व्यापारी विरोध करने लगे तो कई दुकानदार नगर निगम की गाड़ी से अपना-अपना समान छीनने लगे। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। नगर निगम की टीम ने इसका विरोध किया। इस कारण निगम और व्यापारियों में सामान को लेकर छीना झपटी भी हुई। तब सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने मोर्चा संभाला। वह गाड़ी पर हाथ रखकर खड़ी हो गईं। साथ ही चेतावनी दी कि सामान लूटा तो छोडूंगी नहीं। उन्होंने सामान लूटने वालों के वीडियो बनाने के निर्देश भी दिए। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन




व्यापारी ने निगम के अधिकारी को दी धमकी

हल्द्वानी। एक व्यापारी ने पहले तो मेयर को बुलाया। सत्ता का दबाव दिखाते हुए सहायक नगर आयुक्त को धमकी दी। कहा कि ऐसी जगह तबादला करवाएंगे कि दोबारा व्यापारियों पर कार्रवाई नहीं कर पाओगे। वायरल वीडियो में व्यापारी यह तक कहता नजर आया कि जो सामान तुम दुकान से उठाकर ले गए हो, खुद दुकान पर लेकर आओगे। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की भी धमकी दी।



तुम आ रहे हो या मैं अजय भट्ट को बुलाऊं
हल्द्वानी। सत्ता पर पकड़ रखने वाले एक व्यापारी ने मेयर को कई फोन किए। निगम के सूत्रों ने बताया कि जब मेयर टालने लगे तो व्यापारी बोला, तुम आ रहे हो या मैं अजय भट्ट को बुलाऊं। बताओ, प्रताप बिष्ट या बंशीधर भगत को बुलाऊं। व्यापारी ने अधिकारियों को जमकर लताड़ा। दो घंटे अधिकारियों को घेरे रखा। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।


व्यापारियों की पुलिस से भी हुई बहस

हल्द्वानी। अतिक्रमण हटाने के दौरान करीब दो घंटे तक व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट और निगम की गाड़ी को घेरे रखा। इस दौरान व्यापारियों की पुलिस से भी तीखी बहस हुई, व्यापारियों के तेवर देख पुलिस बैकफुट पर रही। सामान वापस नहीं किए जाने तक पुलिस ने गाड़ी को बाहर निकालने तक का प्रयास नहीं किया।



विपक्ष ने मेयर पर कसा तंज
कांग्रेसी नेताओं ने मेयर के रवैये पर सवाल उठाए और कहा कि निकाय चुनाव नजदीक हैं और सत्ता के लिए नेता अब व्यापारियों को साधने लगे हैं। यही वजह है कि भाजपा समर्थित व्यापारी के बुलाने पर मेयर बाजार पहुंच गए और नगर निगम की कार्रवाई तक को गलत बता दिया। मेयर कह रहे हैं कि पहले व्यापारियों के साथ बैठक करनी चाहिए। इसके बाद मुनादी होनी चाहिए तब निगम को व्यापारियों को साथ लेकर कार्रवाई करना चाहिए।


हंगामा शांत कराने गया था : रौतेला
हल्द्वानी। मेयर जोगेंद्र रौतेला ने कहा कि उनके पास कई व्यापारियों के फोन आए। प्रशासन और व्यापारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।, जिसके खत्म करने के लिए बाजार गया था। मेयर ने कहा कि वह अतिक्रमण के पक्षधर नहीं हैं। बाजार को सुव्यवस्थित करना चाहिए। प्रशासन को ठेले वालों के साथ पूरी संजीदगी दिखानी चाहिए। ठेले के पीछे पूरा परिवार पलता है। प्रशासन से कहा है कि वाहन में कैमरा लगाए और मुनादी कराए।



अतिक्रमण अभियान जारी रहेगा : सिटी मजिस्ट्रेट
हल्द्वानी। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। दिवाली के त्योहार में गलती से कहीं बाजार में आग लग गई तो फायर बिग्रेड के वाहनों के जाने तक के लिए जगह नहीं है। व्यापारी संगठनों सहित कई शिकायत उनके पास भी आईं थीं। इसमें व्यापारियों ने कहा था कि बाजार में अराजकता का माहौल है।



बाजार में अतिक्रमण की शिकायत सीएम पोर्टल पर की गई थी। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक व्यापारी ने मुझे स्थानांतरण सहित कई तरह की धमकियां दीं। नगर आयुक्त को इस बात से अवगत करा दिया गया है।
- गणेश भट्ट, सहायक नगर आयुक्त




प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के खिलाफ अभियान का समर्थन
हल्द्वानी। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का व्यापारी संगठनों ने समर्थन किया है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल और ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन ने कहा कि बाजार क्षेत्र में सड़कों से ठेले, फड़ हटाए जाएं। अतिक्रमण का समर्थन करने वाले नेताओं का संगठन विरोध करता है। कुछ दुकानदार त्योहार की आड़ में सड़कों पर रेहड़ी, फड़ लगवा रहे हैं जिसका विरोध किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन ने बैठक कर कहा कि अतिक्रमण पूरी तरह से हटना चाहिए। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह सेठी ने कहा कि बाजार में इतनी भीड़ है कि पैर रखने तक की जगह नहीं है, जिसका फायदा जेब कतरे उठा रहे हैं। महामंत्री प्रदीप सब्बरवाल ने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह की अगुवाई में की गई कार्रवाई को जायज ठहराते हुए अभियान जारी रखने की मांग की। बैठक में इंद्रकुमार भुटियानी, पंकज बोहरा, ललित मोहन जोशी, खीमानंद शर्मा, मनजीत सेठी मौजूद रहे। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने भी सड़कों पर अतिक्रमण का पुरजोर विरोध करते हुए जनहित में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्सवान ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में जनप्रतिनिधि के आने का प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल विरोध करता है। चंद व्यापारियों ने मुख्य बाजार का माहौल बिगाड़ रखा है। उन्होंने नगर निगम की जगहों से फड़ और ठेले शीघ्र हटाने की मांग की। विरोध करने वालों में केंद्रीय संयोजक डाॅ. धर्म यादव, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्सवान, प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, पूरन साह, राकेश राजेंद्र अग्रवाल मुन्ना, नुसरत सिद्दकी, परबजोत चंडोक, राजीव शर्मा आदि शामिल हैं। इधर, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

हल्द्वानी बाजार में प्रशासन व नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान जप्त किए गए सामान को

हल्द्वानी बाजार में प्रशासन व नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान जप्त किए गए सामान को

हल्द्वानी बाजार में प्रशासन व नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान जप्त किए गए सामान को

हल्द्वानी बाजार में प्रशासन व नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान जप्त किए गए सामान को

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed