भीमताल/भवाली (नैनीताल)। भीमताल, नौकुचियाताल और सातताल में भी शुक्रवार को सैलानियों की चहल-पहल रही। नौकुचियाताल में सैलानियों ने पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाया। बाहरी राज्यों से आए सैलानियों ने पैराग्लाइडिंग के साथ भीमताल, नौकुचियाताल और सातताल झील में बोटिंग भी की।
पैराग्लाइडिंग संचालक नितिन राणा, अंशुल जोशी, राकेश बोस और विनोद दुम्का ने बताया कि पर्यटन व्यवसाय पटरी पर लौट रहा है। लेक इन होटल के मैनेजर जुबैर खान ने बताया कि होटल में शत प्रतिशत बुकिंग होने से राहत मिली है।
उधर, भवाली के श्यामखेत स्थित चाय बागान में लगभग 80 पर्यटक घूमने पहुंचे। मैनेजर नवीन पांडे ने बताया कि चाय बागान खुलने के बाद पहली बार सबसे ज्यादा लोग बागान की सैर करने पहुंचे। कैची मंदिर प्रबंधक विनोद जोशी ने बताया कि श्रद्धालु बाबा नीब करोरी महाराज के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।

नौकुचियाताल में पैराग्लाइडिंग और भीमताल में बोटिंग करते सैलानी। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : BHIMTAL