हल्द्वानी: बिना परमिट दौड़ रहीं तीन बसें सीज, काटे चालान; जगह-जगह रुककर सवारियां चढ़ाने-उतारने से लग रहा जाम
हल्द्वानी में निजी बसों की मनमानी पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना ठेका परमिट चल रही तीन बसों को सीज किया और 20 से अधिक बसों के चालान काटे; एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की फटकार के बाद यह कार्रवाई शुरू हुई है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
हल्द्वानी शहर की सड़कों पर निजी बसों की मनमानी पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रमुख मार्गों पर बिना ठेका परमिट दौड़ने और जगह-जगह सवारियां चढ़ाने-उतारने वाली तीन बसों को बुधवार को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 20 से अधिक बसों के चालान भी काटे गए। मंगलवार को अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की फटकार के बाद पुलिस हरकत में आई है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर निजी बसें निर्धारित स्थानों के बजाय कहीं भी रुककर सवारियां बैठाती और उतारती हैं। इससे सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम जाती है और जाम की स्थिति बनती है। निजी बस चालकों की इस मनमानी को लेकर यातायात व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे थे। मंगलवार को अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने यातायात निरीक्षक को फटकार लगाते हुए निजी बसों के आतंक पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने शहर में निजी बसों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा था। इसके बाद बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने काठगोदाम और ठंडी सड़क क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन बसें सीज कर दीं।
एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि आगामी दो दिनों में सभी निजी बस संचालकों के साथ बैठक कर शहर के बाहर ही बसों को भरने और बाहरी मार्गों से ही गंतव्य को जाने के बारे में बातचीत की जाएगी। इसके बावजूद अगर बसें शहर में आवाजाही करती हैं तो सीज और मालिक पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।