नैनीताल: हाईकोर्ट का फैसला, रामनगर के आपदा प्रभावित चुकुम गांव के विस्थापन पर तीन माह में निर्णय ले केंद्र
नैनीताल हाईकोर्ट ने रामनगर के आपदा प्रभावित चुकुम गांव के विस्थापन पर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य के वन सचिव को तत्काल विस्थापन प्रस्ताव केंद्र सरकार के फॉरेस्ट क्लीयरेंस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
विस्तार
नैनीताल हाईकोर्ट ने रामनगर के आपदा प्रभावित चुकुम गांव के विस्थापन के मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद राज्य सरकार के वन सचिव को तत्काल विस्थापन प्रस्ताव केंद्र सरकार के फॉरेस्ट क्लीयरेंस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, केंद्र सरकार से कहा है कि उनके लिए चिह्नित भूमि पर तीन माह के भीतर निर्णय ले।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। मामले के अनुसार ग्रामीणों की ओर से गंगा सिंह नेगी सहित अन्य याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर उनको विस्थापित करने की मांग की है। याचिका में कहा कि रामनगर के पास स्थित चुकुम गांव लंबे समय से कोसी नदी की बाढ़ और कटाव की मार झेल रहे है।
ग्रामीणों के विस्थापन की मांग वर्ष 1993 से उठ रही है। इस संबंध में उनके द्वारा वर्ष 2024 तक लगातार शासन को प्रस्ताव भेजे गए, लेकिन तकनीकी अड़चनों और शासन एवं केंद्र सरकार के स्तर पर प्रक्रिया लंबित रहने के कारण विस्थापन नहीं हो पाया। लेकिन लगातार हो रहे भू-कटाव के करण गांव की लगभग 70 प्रतिशत भूमि बह चुकी है। वहीं, कॉर्बेट नेशनल पार्क की परिधि में स्थित होने के कारण ग्रामीणों को वन्यजीवों के आतंक का भी सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि गांव में रहना अब सुरक्षित नहीं है और ग्रामीणों को तत्काल विस्थापित किए जाने की आवश्यकता है। उनके विस्थापन को लेकर भूमि भी चिन्हित हो चुकी है. लेकिन अभी तक उनको विस्थापित नही किया गया।