रामनगर (नैनीताल)। शनिवार देर रात ग्राम टेड़ा में एक हाथी आ धमका और चिंघाड़ते हुए गेहूं के खेत में घुस कर खड़ी फसल को नष्ट करने लगा। हाथी की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी और खुद भी हाथी को भगाने में जुट गए। वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से हाथी को किसी तरह खेत से बाहर किया।
ग्राम टेड़ा के ग्रामीण नरेंद्र बिष्ट, जगत सिंह, गोपाल सिंह ने बताया कि देर रात दस बजे उन्हें खेतों में एक हाथी दिखाई दिय। ग्रामीणों ने हाथी को भगाने की काफी कोशिश की, लेकिन हाथी ने उनकी ओर दौड़ लगा दी। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से हाथी को जंगल में खदेड़ा। लेकिन तब तक हाथी ने गेहूं की फसल नष्ट कर दी थी। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी ने करीब दो एकड़ फसल को नष्ट कर दिया है।