खेत में मिला अधेड़ का शव: शिनाख्त हुई, पर परिवार तक नहीं पहुंची मौत की खबर; 24 घंटे से मोर्चरी में पड़ा
हल्द्वानी शहर के गोरापड़ाव में खेत में मृत मिले अधेड़ की शिनाख्त हो गई, लेकिन मौत की खबर उनके परिवार तक नहीं पहुंच पाई है। बीते 24 घंटे से शव मोर्चरी में पड़ा है और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के गोरापड़ाव में खेत में मृत मिले अधेड़ की शिनाख्त तो हो गई लेकिन मौत की खबर उनके परिवार तक नहीं पहुंच पाई है। बीते 24 घंटे से शव मोर्चरी में पड़ा है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी है।
मूलरूप से ऊधम सिंह नगर के झनकट (खटीमा) निवासी 51 वर्षीय मुकेश द्विवेदी पिछले कई वर्षों से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में रहकर दुकानों में काम करते थे। उन्होंने कई साल बेस अस्पताल में कैंटीन भी चलाई। मुकेश ने बेस अस्पताल के बाहर भी चाय की दुकान में काम किया। कुछ महीनों से वह भुजियाघाट के एक होटल में काम कर रहे थे।
बुधवार को मुकेश गोरापड़ाव में अपने मुंहबोले चाचा के खेत में काम कर रहे थे तभी वह गश खाकर गिर पड़े। खेत स्वामी तत्काल मुकेश को सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले आधार कार्ड में उनका पता हल्द्वानी का दर्ज है।
मोर्चरी में कर्मचारी ने की शिनाख्त
मुकेश द्विवेदी को पटेल चौक से लेकर बेस अस्पताल के आसपास के दुकानदार और लोग पहचानते थे। शव जब पोस्टमार्टम हाउस लाया गया तो यहां तैनात एक कर्मचारी ने उन्हें पहचान लिया। बेस अस्पताल के पास ही चाय की दुकान चलाने वाले युवक ने बताया कि मुकेश अपना घर झनकट खटीमा में बताते थे। उन्होंने लोगों को परिवार में पिता, पत्नी और एक बच्चा होने की जानकारी दी थी।
मुकेश का शव मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों की तलाश में पुलिस टीम खटीमा गई है। उम्मीद है जल्द उसके परिजनों का पता चल जाएगा। - लव शर्मा, सीओ सिटी