हल्द्वानी: दिवाली की रात से लापता किशोर की संदिग्ध मौत, शव देखकर परिजनों ने की शिनाख्त; दोस्तों पर आरोप
सती कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार के 16 वर्षीय बेटे हर्ष की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह आठ नवंबर को दिवाली की रात से लापता था। 15 नवंबर को लापता बेटे की तलाश करते हुए जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तब शव देखकर उन्होंने शिनाख्त की।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के सती कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार के बेटे हर्ष (16) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह आठ नवंबर को दिवाली की रात से लापता था। 15 नवंबर को लापता बेटे की तलाश करते हुए जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तब शव देखकर शिनाख्त की। परिजनों हत्या की आशंका जताते हुए हर्ष के कुछ दोस्तों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
दिनेश कुमार ने बताया कि हर्ष दिवाली की रात घर से करीब 1700 रुपये लेकर पटाखे खरीदने की बात कहकर गया था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तब पता चला कि वह अपने एक दोस्त की स्कूटी लेकर गया था। नौ नवंबर को परिजनों ने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। आरोप है कि दिवाली की रात करीब 20-25 लड़कों के साथ हर्ष के तीन दोस्त उसके घर भी पहुंचे थे और जान से मारने की धमकी दी थी। इधर नौ नवंबर को 108 एंबुलेंस सेवा से अज्ञात किशोर को गंभीर हालत के चलते एसटीएच में भर्ती कराया गया था। 10 नवंबर को पुलिस ने परिजनों को भेजा लेकिन मुंह में पाइप लगे होने की वजह से पहचान नहीं हुई। परिवार वाले तलाश कर रहे थे रविवार को जब मोर्चरी पहुंचे तब बेटे का शव देखकर दंग रह गए। शिनाख्त के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
जिस किशोर की स्कूटी लेकर हर्ष गया था वह स्कूटी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। जांच की जा रही है, जिन पर आरोप हैं उनसे पूछताछ की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम
