बैंक की कैश वैन की टक्कर से शिक्षिका की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी। कुंवरपुर बैंक ऑफ बड़ौदा के पास सोमवार दोपहर बैंक की वैन की टक्कर से शिक्षिका की मौत हो गई। महिला को अस्पताल पहुंचाने के बाद वैन के चालक ने कोतवाली पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
अमरावती कॉलोनी निवासी दीपचंद जोशी की पत्नी कमला जोशी (58) कुंवरपुर स्थित प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका थी। सोमवार को वह स्कूल में पढ़ाने के बाद साढ़े 11 बजे पास के बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में पैसा निकालने के लिए जा रही थी। बैंक के पास शिक्षिका खड़ी थी।
इसी समय कैश वैन का चालक गाड़ी बैक करने लगा। चालक ने लापरवाही से शिक्षिका पर वैन चढ़ा दी। हादसे के बाद लोगों ने चालक को घेर लिया। इस पर वह घायल शिक्षिका को लेकर बेस अस्पताल पहुंचा लेकिन डॉक्टरों ने शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने के बाद शिक्षिका की पुत्री सारिका और बेटा मनोज जोशी अस्पताल पहुंचे।
स्कूल की अन्य शिक्षिकाएं भी अस्पताल पहुंच गईं। वैन के चालक मोहन चंद्र जोशी ने कोतवाली थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। चालक मयूर विहार तल्ली का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि शिक्षिका के पति भी शिक्षक पद से रिटायर्ड हैं। शिक्षिका भी अगस्त 2018 में रिटायर्ड होने वाली थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हल्द्वानी। शिक्षिका के मौत की पुष्टि होने के बाद प्रधानाचार्य ने शोक में स्कूल बंद करा दिया। शिक्षिका कमला जोशी के साथ कार्यरत अन्य शिक्षिकाओं का कहना था कि वह शुगर और अन्य बीमारियों से जूझ रही थी। उनका बेटा मनोज जोशी दिल्ली स्थित एक कंपनी में जॉब करता है। बेटी सारिका भी कोऑपरेटिव बैंक में जॉब करती है।