{"_id":"99163178f6882b586e02ea597f0731f2","slug":"students-march-to-break-the-rules-out-election-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नियम तोड़ छात्रों ने जुलूस निकाल किया चुनाव प्रचार ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नियम तोड़ छात्रों ने जुलूस निकाल किया चुनाव प्रचार
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/अल्मोड़ा।
Updated Thu, 13 Aug 2015 02:24 AM IST
विज्ञापन
एमबीपीजी कालेज में बुधवार को छात्रों ने नियमों का उल्लंघन कर जुलूस निकालकर छात्रसंघ चुनाव का प्रचार किया। चीफ प्राक्टर ने किसी तरह समझा बुझाकर जुलूस बंद कराया मगर कुछ देर बाद छात्र फिर शुरू हो गए। इधर, स्नातक प्रथम वर्ष में अंतिम दिन 386 छात्र-छात्राओं का दाखिला हुआ।
विज्ञापन
कालेज में बुधवार को स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने का अंतिम दिन था जिस कारण छात्र-छात्राओं की काफी भीड़ थी। इसका फायदा उठाने के लिए छात्रसंघ चुनाव के संभावित प्रत्याशियों ने लिंगदोह कमेटी के सभी नियम कायदों का उल्लंघन कर जुलूस निकाल प्रचार शुरू कर दिया।
विज्ञापन
काफी देर तक छात्र- छात्राओं के गुट जुलूस निकाल कर अपना - अपना प्रचार करते रहे। इसकी जानकारी मिलने पर चीफ प्राक्टर डा. आरएस भाकुनी अन्य प्राध्यापकों के साथ मैदान में पहुंचे तथा किसी तरह समझा कर जुलूस बंद कराया। लेकिन कुछ देर बाद फिर छात्रों ने जुलूस निकाल दिया।
विज्ञापन
इस पर चीफ प्राक्टर और छात्रों की नोक झोक भी हुई तथा बमुश्किल जुलूस बंद कराया जा सका। इसके बाद छात्र स्टीकर बांट कर प्रचार रहे। इधर, अंतिम तिथि स्नातक प्रथम वर्ष में खूब दाखिले हुए। बीए में 185, बीकॉम में 57, बीएससी जेडबीसी में 76, बीएससी पीसीएम में 68 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया।
लेकिन बुधवार को कालेज परिसर में स्टांप पेपर काउंटर नहीं लगा था इस कारण विद्यार्थियों को खासी परेशानी हुई। प्राचार्य डा. बीसी मेलकानी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव का प्रचार करने से संभावित प्रत्याशी बाज नहीं आए तो अब उन्हें नोटिस देने की कार्रवाई होगी। इसके बाद उन्हें चुनाव लड़ने से भी रोका जा सकता है।